अब रालोद ने किया रामदेव का समर्थन
Advertisement

अब रालोद ने किया रामदेव का समर्थन

नागर उड्डयन मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रमुख अजित सिह ने काले धन के मुद्दे पर जागरुकता फैलाने के लिए योग गुरु बाबा रामदेव की प्रशंसा की है। सिंह ने गुरुवार को आगाह किया कि कानूनी अड़चनों के कारण इस समस्या से छुटकारा पाना आसान नहीं होगा।

नई दिल्ली : नागर उड्डयन मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रमुख अजित सिह ने काले धन के मुद्दे पर जागरुकता फैलाने के लिए योग गुरु बाबा रामदेव की प्रशंसा की है। सिंह ने गुरुवार को आगाह किया कि कानूनी अड़चनों के कारण इस समस्या से छुटकारा पाना आसान नहीं होगा। ठीक दो दिन पहले ही सत्तारुढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के अन्य घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख एवं कृषि मंत्री शरद पवार ने भी इस मुद्दे पर रामदेव का समर्थन किया था।
सिंह ने पत्रकारों से कहा कि चुनावों में काले धन का इस्तेमाल लोकतंत्र के लिए खतरा है। हम सभी जानते हैं कि काला धन एक बुराई है। हालांकि इससे छुटकारा पाना आसान नहीं है, क्योंकि इस मुद्दे पर कई कानूनी अड़चनें हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार विदेशों में जमा काले धन को वापस लाने के लिए प्रयास कर रही है। लेकिन कई देशों में फैले होने के कारण विदेशी बैंकों से सम्पर्क स्थापित करना कठिन है। सिंह ने इस मुद्दे पर जागरुकता उत्पन्न करने के लिए योग गुरु की प्रशंसा की और कहा कि यदि आम आदमी जागरुक हो जाए तो इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
इस मुद्दे पर आम सहमति बनाने के लिए रामदेव ने राजनीतिक दल के नेताओं से लेकर ग्राम सभा के प्रतिनिधियों से मिलने का संकल्प लिया है। योग गुरु ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी से भी मुलाकात के इच्छुक हैं। (एजेंसी)

Trending news