राहुल का भाजपा पर तीखा हमला, कहा-कांग्रेस को मिटाया नहीं जा सकता
Advertisement

राहुल का भाजपा पर तीखा हमला, कहा-कांग्रेस को मिटाया नहीं जा सकता

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने यूपीए-2 सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोगों के हितों के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की।

fallback

नई दिल्ली : भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि मुख्य विपक्षी दल सांप्रदायिक नफरत की आग लगाने और लोगों को एक दूसरे के खिलाफ भड़काने में भरोसा करता है।
राहुल ने आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सम्मेलन में आये प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने पिछले दस साल में साल दर साल और दिन प्रतिदिन संसद को बाधित करने में विश्वास किया जिससे महत्वपूर्ण विधेयक अटक गये।
प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का नाम लिये बिना उन पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, ‘‘लोकतंत्र आदेशों से नहीं चलता। लोकतंत्र को एक व्यक्ति नहीं चलाता। हम सांप्रदायिक नफरत की आग लगाकर और लोगों को एक दूसरे के खिलाफ भड़काकर जवाब नहीं देंगे।’’
करीब पौन घंटे के अपने भाषण में उन्होंने कहा, ‘‘हम लोकतंत्र के ढांचे को एक व्यक्ति के सुपुर्द किये जाने का प्रस्ताव देकर जवाब नहीं देते।’’ कांग्रेस कार्य समिति की कल हुई बैठक में राहुल को लोकसभा चुनावों के प्रचार अभियान का नेतृत्व सौंपा गया है।
उन्होंने आज कहा कि कांग्रेस संविधान में भरोसा रखती है और हमारे सांसद संविधान के अनुरूप नये प्रधानमंत्री का चुनाव करेंगे। इस मौके पर राहुल ने प्रधानमंत्री को यह सुझाव भी दिया कि सरकार को सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों की संख्या नौ से बढ़ाकर 12 कर देनी चाहिए। इस मुद्दे पर पार्टी के सांसद पहले से ही मांग उठाते रहे हैं।
परोक्ष रूप से आम आदमी पार्टी पर भी हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि विपक्ष मार्केटिंग करने में अच्छा है। उन्होंने कहा, ‘‘वे गंजों को कंघी बेचने में माहिर हैं। कुछ नये लोग आये हैं जिन्होंने हजामत करना भी शुरू कर दिया है।’’
राहुल के इस बयान पर भी ‘आप’ का असर साफ देखा जा सकता है कि कांग्रेस में 15 प्रतिशत लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों का चयन प्रधानों और पार्टी कार्यकर्ताओं के फैसले के आधार पर किया जाएगा।
हालांकि उन्होंने ऐसे लोगों को पार्टी का टिकट देने पर असहमति जताई जो चुनाव का वक्त नजदीक आने पर पार्टी से करीबी बढ़ाते हैं। राहुल ने कहा, ‘‘हमें बाहर से आने वालों और टिकट पाने वालों से सतर्क रहना चाहिए। हमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज सुननी चाहिए और ऐसे लोगों को टिकट दी जानी चाहिए जो दिल से और सोच से कांग्रेसी हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसका यह मतलब नहीं है कि हम अन्य लोगों के लिए कांग्रेस के दरवाजे बंद कर देंगे। हमें पार्टी को समृद्ध बनाने के लिए नये विचारों और सोच की जरूरत है।’’
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र व्यापक रूप से ग्रामीणों, दलितों, महिलाओं, आदिवासियों, युवाओं और एनजीओ के लोगों की राय पर आधारित होगा। अभी तक तीन-चार लोग बंद कमरे में बैठकर घोषणापत्र तय कर लेते थे।
महिला आरक्षण का जिक्र करते हुए और कांग्रेस प्रतिनिधियों में महिलाओं की कम संख्या होने की बात करते हुए राहुल ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में से 50 प्रतिशत में मुख्यमंत्री महिलाएं होनी चाहिए।
अगले तीन महीने में पार्टी की रणनीति का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि संसद के आगामी सत्र में छह महत्वपूर्ण भ्रष्टाचार-निरोधक विधेयक पारित होने चाहिएं, जिससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और ईमानदार लोगों का संरक्षण होगा। राहुल ने खुद को प्रधानमंत्री पद के लिए कांग्रेस का उम्मीदवार बनाये जाने की बहस को विराम देते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है और यहां चीजें लोकतांत्रिक तरीके से होती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी। हमारे संसद सदस्य संविधान के अनुसार अपने नेता का चुनाव करेंगे।’’ राहुल ने कहा कि वह कांग्रेस के सैनिक हैं और पार्टी जो कहती है उसे करने के लिए तैयार हैं। मोदी की ‘कांग्रेस मुक्त’ भारत संबंधी प्रचार थीम पर राहुल ने कहा कि विपक्ष इतिहास नहीं पढ़ता।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस एक विचार है जो लोगों के दिल में रहता है। तीन हजार सालों से अधिक समय से एकता की भावना रही है जिसका उल्लेख गीता, महाभारत जैसे पुराणों और सम्राट अशोक, गुरू नानक, अकबर और गांधी के समय से मिलता है। यह लोगों के, मेरे और आपके मन में है। इसे हटाया नहीं जा सकता।’’ अपने भाषण की शुरुआत में राहुल ने सूचना का अधिकार कानून, मनरेगा योजना और आधार परियोजना के तौर पर सरकार की तीन उपलब्धियां गिनाईं ।
उन्होंने देश के लिए किये गये कार्यों पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सराहना की और पार्टी कार्यकर्ताओं से उनका जोरदार अभिनंदन करने को भी कहा। (एजेंसी)

Trending news