मुंबई में हंगामा: केजरीवाल और आप कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज
Advertisement

मुंबई में हंगामा: केजरीवाल और आप कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ गुरुवार को मुंबई पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। केजरीवाल के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

fallback

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो
मुंबई : आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ गुरुवार को मुंबई पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। केजरीवाल के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुंबई पुलिस ने केजरीवाल पर रैली के दौरान शहर में उथल-पुथल का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर मुंबई के एयरपोर्ट थाने में दर्ज की है। केजरीवाल के खिलाफ मुंबई एयरपोर्ट पर हंगामा और शोरशराबा मचाने का आरोप है। इस मामले में आप नेता प्रीति शर्मा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
गौर हो कि केजरीवाल बुधवार को आम आदमी पार्टी की मुंबई रैली के लिए आए थे। यहां उन्होंने ऑटो और लोकल ट्रेन में यात्रा किया, जिससे काफी अफरातफरी और उथल-पुथल मचा। केजरीवाल के लोकल ट्रेन और ऑटो में सफर करने के कारण शहर का ट्रैफिक काफी धीमा हो गया था। इसके चलते आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
उधर, केजरीवाल ने अपने मुंबई दौरे के समय हुई अफरा-तफरी एवं तोड़फोड़ को लेकर आलोचना के बीच इस पूरे मामले के लिए मीडिया को जिम्मेदार ठहराया और इस आरोप को खारिज कर दिया कि यह ‘प्रतीकात्मक स्टंट’ था। केजरीवाल ने कहा कि ‘पूरे तमाशे’ के लिए मीडिया जिम्मेदार है। केजरीवाल बुधवार को मुंबई पहुंचे थे और लोकल ट्रेन एवं ऑटो रिक्शा में सफर किया था। बाद में उनका रोड शो भी हुआ था। उन्होंने एक न्‍यूज चैनल से कहा कि पूरा तमाशा मीडिया की ओर से खड़ा किया गया जो लोगों से मेरे लोकल ट्रेन में सफर करने से हो रही दिक्कत के बारे में सवाल पूछ रहा था। हमारे लोग किसी तरह की तोड़फोड़ में शामिल नहीं थे। आम आदमी मेरे साथ सफर करके खुश थे। केजरीवाल ने इस आरोप को भी सिरे से खारिज कर दिया कि उनका ऑटो और लोकल ट्रेन में सफर करना प्रतीकात्मक स्टंट था।

Trending news