भाजपा के खिलाफ लड़ाई जारी, फिर सत्ता में लौटेगी कांग्रेस : सोनिया

सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस अपने को फिर से खड़ा करने के लिए पूरी शक्ति से लड़ेगी, सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं को लेकर सरकार पर हमला किया। संसद भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सोनिया ने कहा कि हमारी पार्टी भाजपा के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी और एक दिन फिर सत्ता में लौटेगी।

भाजपा के खिलाफ लड़ाई जारी, फिर सत्ता में लौटेगी कांग्रेस : सोनिया

ज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस अपने को फिर से खड़ा करने के लिए पूरी शक्ति से लड़ेगी, सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं को लेकर सरकार पर हमला किया। संसद भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सोनिया ने कहा कि हमारी पार्टी भाजपा के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी और एक दिन फिर सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए की अपनी कोई नीति नहीं है और वह यूपीए की नीतियों को ही आगे बढ़ा रही है।

इससे पहले कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया ने कहा, 'कांग्रेस को भाजपा सरकार की विभाजनकारी और अधिकारवादी राजनीति का मुकाबला करना चाहिए।' सोनिया ने मोदी सरकार पर संप्रग की योजनाओं की नकल करने का और न्यूनतम शासन की नीति पर चलने का आरोप लगाया। सोनिया ने कहा, 'यह हमारे लिए चुनौतीपूर्ण वक्त है। लोकसभा में हमारी संख्या अब तक की सबसे कम है। लोगों का कांग्रेस में भरोसा फिर से बनने और बहाल होने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है।

सोनिया ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं में चिंताजनक रूप से वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र तथा कई अन्य राज्यों में सांप्रदायिक हिंसा तथा दंगों की सैंकड़ों घटनाएं सामने आयी हैं। इसके अतिरिक्त अन्य स्तरों पर असहिष्णुता के घातक संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं इसके विस्तार में नहीं जाना चाहती। आप सभी भाजपा के कुछ जनप्रतिनिधियों के भद्दे व्यवहार से परिचित हैं। इसके अलावा कुछ अन्य के अस्वीकार्य विचार समय की कसौटी पर खरी उतरी धर्मनिरपेक्ष परंपराओं तथा संवैधानिक शुचिता के प्रति पूर्ण असम्मान है।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमें यह स्पष्ट होना चाहिए कि देशभर में चिंता का माहौल है, खासतौर से महिलाओं, अल्पंसख्यकों और गरीबों में। उनके मन में यह चिंता है कि क्या भाजपा और उसके सहयोगी संगठन भारत के सभी समुदायों के लिए काम करेंगे या फिर वे संकुचित आधार पर देश को बांट कर उससे लाभ उठाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इस सवाल के जवाब के बारे में उनके मन में कोई संदेह नहीं है।

सोनिया ने कहा, ‘एक सजग विपक्ष की भूमिका निभाना, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मूल्यों और उसकी नीतियों के लिए खड़ा होना और नई सरकार की अधिनायकवादी और संप्रदायवादी प्रवृत्तियों का मुकाबला करना हमारा कर्तव्य है।’ सोनिया ने कहा, ‘हमें बताया गया है कि इस सरकार का मकसद ‘न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन’ है। लेकिन लगता है, ‘आम आदमी की रक्षा के लिए न्यूनतम शासन, भाजपा के हाथ में अथाह शक्ति देने के लिए अधिकतम सरकार।’ उन्होंने कहा हमें इस प्रवृति का पूरी ताकत से प्रतिरोध करना होगा।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘पिछले दस सप्ताह का सबक बताता है कि भाजपा के पास देश को देने के लिए नया कुछ नहीं है। उन्होंने हम पर बिना सिद्धांतों के हमला किया और अब बिना नीतियों के हम पर शासन कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि हमारे विचारों की नकल करने के लिए उनका (भाजपा) का स्वागत है। वे हमारे कार्यक्रमों की नकल करें, हमें कोई आपत्ति नहीं।

सोनिया ने कहा, ‘उन्हें अपनी विफलताओं का ठीकरा हमारे सिर पर फोड़ने दीजिए, जैसा कि वे कर रहे हैं। महंगाई देश भर में आम गृहणियों, छात्रों, कामगारों और विशेष रूप से बेरोजगारों और वंचितों की कमर तोड़ रही है। कब तक वे देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने में विफल रहने की अपनी अक्षमता का दोष संप्रग सरकार पर मढ़ते रहेंगे? ऐसी बहानेबाजी अधिक दिन नहीं चलती है।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘लेकिन जिस क्षण वे उन आदर्शों से विश्वासघात करते हैं जिन पर यह देश टिका है, जिस क्षण वे विघटन और नफरत की राजनीति को आगे बढ़ाना शुरू करते हैं, जिस क्षण वे भारतीय लोकतंत्र के इस मंदिर के भीतर और बाहर तानाशाहीपूर्ण तरीके से व्यवहार करने की कोशिश करते हैं, जिस क्षण वे यह सब करेंगे हम उठ खड़े होंगे और उनका मुकाबला करेंगे।’

सोनिया गांधी ने कहा, ‘जब हम पिछली बार मिले थे तो उसके बाद से दस सप्ताह का समय बीत चुका है और यह समय हमारे देश और दुनिया के लिए काफी घटनाप्रधान रहा। सरकार ने ऐसा बजट पेश और पारित किया जिसमें कुछ नया नहीं है।’ उन्होंने कहा कि नयी सरकार अब प्रस्तावित वस्तु एवं सेवा कर, चीनी सब्सिडी, रेलवे और डीजल की कीमतों में वृद्धि, बीमा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, आधार योजना और संप्रग सरकार की कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का समर्थन कर रही है जबकि उन्होंने इन सब का उस समय कड़ा विरोध किया था जब वे वहां थे, जहां आज हम हैं।

सोनिया गांधी ने पार्टी सांसदों से कहा कि हम निर्वाचन क्षेत्रों में जाकर जनता को यह संदेश दें कि कांग्रेस पार्टी भारत की जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। हम लगातार असहाय लोगों की रक्षा करते रहेंगे और हम वंचितों के सशक्तिकरण के लिए काम करना जारी रखेंगे। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.