राज्‍यों की प्रगति के बिना देश का विकास संभव नहीं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
Advertisement

राज्‍यों की प्रगति के बिना देश का विकास संभव नहीं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को रांची में पावर ग्रिड, एनटीपीसी की कई केंद्रीय परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्‍यों की प्रगति के बिना देश का विकास संभव नहीं है।

राज्‍यों की प्रगति के बिना देश का विकास संभव नहीं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो

रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को रांची में पावर ग्रिड, एनटीपीसी की कई केंद्रीय परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्‍यों की प्रगति के बिना देश का विकास संभव नहीं है। रांची के धुर्वा इलाके के प्रभात तारा मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड एक धनी राज्‍य है और यहां विकास की असीम संभावनाएं हैं। उन्‍होंने एनटीपीसी के थर्मल पावर प्रोजेक्‍ट की शुरुआत करने के बाद झारखंड के नागरिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि आपने विकास के मार्ग को चुना है और आपने बीजेपी को भारी जनसमर्थन दिया है।

मोदी ने गुरुवार को यहां जोर देकर कहा कि भारत को महान बनाने के लिए भारत माता का कोई भी हिस्सा दुर्बल नहीं होना चाहिए और इस उद्देश्य से वह देश के सभी हिस्सों का संतुलित विकास करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन इसके लिए स्थिर सरकारों पर उन्होंने बल दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यहां स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश के संपूर्ण विकास के लिए देश के प्रत्येक हिस्से का विकसित होना आवश्यक है और इसके लिए वह पूर्वी भारत को भी पश्चिमी भारत के समान विकास की दौड़ में आगे लाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।

उन्होंने झारखंड के आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कहा कि आज मैं पूरे विश्वास के साथ एक के बाद एक बड़े फैसले धड़ाधड़ कर रहा हूं क्योंकि देश की जनता ने मुझे पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार बनाने का अवसर दिया है। इसी प्रकार झारखंड के विकास के लिए यहां भी जनता को एक पार्टी की बहुमत की स्थिर सरकार चुननी चाहिए। जिससे यहां के भविष्य को संवारा जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यहां हजारों करोड़ रुपये की आधा दर्जन से अधिक केन्द्रीय योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए यह बात कही।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत माता को महान बनाने के लिए भारत माता का कोई भी हिस्सा दुर्बल नहीं होना चाहिए। मोदी ने कहा कि देश के संपूर्ण विकास के लिए इसका संतुलित विकास होना आवश्यक है। मैंने लोकसभा चुनावों के समय भी कहा था और आज दोहराना चाहता हूं कि जब पश्चिम भारत की तुलना में पूर्व को देखता हूं तो लगता है कि पश्चिम तो फिर भी कुछ विकसित है लेकिन पूर्व की स्थिति बहुत खराब है। हमें इस स्थिति को बदलना है। उन्होंने कहा कि झारखंड, बिहार, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के पूर्वी राज्यों का विकास कर इस कमी को कुछ हद तक दूर किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि विकास का लाभ सभी को मिलना चाहिए। देश में यदि कोई भी गरीब और उपेक्षित रह जाता है तो देश का वह हिस्सा अविकसित ही रह जाता है। मोदी ने कहा कि आश्वासनों से किसी का पेट नहीं भरता है लेकिन दुर्भाग्य से पिछले दस वर्षों में केन्द्र की सरकारों ने लोगों को कोरे आश्वासनों के सिवाय कुछ नहीं दिया। उन्होंने आज यहां पावर ग्रिड की पूरब से पश्चिम को जोड़ने वाली अबतक की सबसे सशक्त 765 केवीए की पारेषण लाइन को देश को समर्पित करते हुए और भारतीय गैस प्राधिकरण (गेल) की दस हजार करोड़ रुपये की पाइप लाइन योजना की घोषणा करते हुए कहा कि इन योजनाओं से पूर्वी भारत का विकास तेजी से होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड में पिछले तेरह वर्षों से चल रही गठबंधन सरकारों के कारण पैदा राजनीतिक अस्थिरता और अव्यवस्था की ओर इशारा करते हुए कहा कि अब झारखंड की उम्र चौदह वर्ष की होने वाली है और यह उम्र किसी के जीवन में विकास के लिए एक बड़ा पड़ाव होती है। मेरा आप से आग्रह है कि चौदह से 19 वर्ष की उम्र में झारखंड में विकास का बड़ा आधार तैयार करने के लिए आप एक पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार का चुनाव करें। उन्होंने कहा कि एक पार्टी की बहुमत की सरकार का निर्णय लेने का वक्त आ गया है और जनता को इस दिशा में सुविचारित फैसला करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने तेजी से विकास करने के उद्देश्य से ही झारखंड राज्य का निर्माण किया था लेकिन राजनीतिक स्थिरता न होने के कारण उनका वह सपना पूरा नहीं हो सका। मोदी ने कहा कि मुझे आश्चर्य होता है कि 15 वर्ष पूर्व झारखंड के लिए बिजली उत्पादन के मकसद से बनायी गयी उत्तरी कर्णपुरा की 2000 मेगावाट की विद्युत परियोजना आज भी लटकी पड़ी है। अब मेरी निर्णय लेने वाली सरकार आ गयी है और चार वषरें के भीतर इसे बनाकर तैयार कर दिया जाएगा जिससे झारखंड का अंधेरा दूर हो सकेगा। उन्होंने कहा कि शायद मेरे भाग्य में इस परियोजना को पूरा करना लिखा था, सो मैं तो इसे पूरा करके ही छोड़ूंगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरी सरकार विश्वास के साथ एक के बाद एक कदम देश के विकास के लिए उठाये जा रही है क्योंकि मैं पूर्ण बहुमत की सरकार दिल्ली में चला रहा हूं। झारखंड की वर्तमान स्थिति मुझे स्वीकार्य नहीं है। इस राज्य में भगवान ने इतनी प्राकृतिक संपदा दी है कि यह गुजरात को भी विकास में पीछे छोड़ने की क्षमता रखता है। हम झारखंड का विकास इस तरह से करेंगे कि यह देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के समय जब वह यहां आये थे तो लोगों से स्थिरता और विकास के लिए मत मांगे थे और जनता ने उनकी झोली अपने आशीर्वाद से भर दी। अब वह यहां हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के माध्यम से ब्याज सहित जनता का ऋण चुकाने आए हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Trending news