आरएसएस के लोगों ने की थी गांधी की हत्या: राहुल
Advertisement

आरएसएस के लोगों ने की थी गांधी की हत्या: राहुल

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आरएसएस पर हमला करते हुए कहा कि भगवा संगठन के लोगों ने महात्मा गांधी की हत्या की थी। राहुल ने भाजपा नेताओं के इन दावों का भी मजाक उड़ाया कि भाजपा देश में कंप्यूटर लेकर आई है।

fallback

भिवंडी (महाराष्ट्र) : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आरएसएस पर हमला करते हुए कहा कि भगवा संगठन के लोगों ने महात्मा गांधी की हत्या की थी। राहुल ने भाजपा नेताओं के इन दावों का भी मजाक उड़ाया कि भाजपा देश में कंप्यूटर लेकर आई है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आरएसएस के लोगों ने गांधीजी की हत्या की और आज उनके लोग (भाजपा) उनकी चर्चा करते हैं। उन्होंने (आरएसएस ने) सरदार पटेल और गांधीजी का विरोध किया था। राहुल ने कहा कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और वैज्ञानिक सैम पित्रोदा देश में कंप्यूटर लाये। उन्होंने कहा कि जब कंप्यूटर का मामला आता है, यह राजीव गांधी, सैम पित्रोदा और अन्य युवा नेता थे जो इसे भारत लाये। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि संसद में उस वक्त के सबसे वरिष्ठ विपक्षी नेता ने कंप्यूटर पर सवाल खड़ा किया था और कहा था कि राजीव गांधी क्यों कंप्यूटर की बात करते हैं।
राहुल ने कहा कि उन्होंने कहा था कि भारत में कंप्यूटर की जरूरत नहीं है क्योंकि यह रोजगार छीनेगा। देखें, क्या हुआ, कंप्यूटर ने भारत को बदल डाला। बाद में, उन्हीं नेताओं ने कहा कि वह भारत में कंप्यूटर और दूरसंचार लाये थे। उन्होंने कहा कि उसी तरह, पांच-दस साल बाद, वे कहेंगे कि नरेगा और आरटीआई उनका सृजन है। राहुल ने इस पर आश्चर्य जताया कि कैसे विपक्षी भाजपा कहती है कि जो कांग्रेस ने 60 साल में किया वह सिर्फ तीन माह में कर सकती है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने सवाल किया कि विपक्ष कहता है कि जो कांग्रेस ने 60 साल में किया वे तीन महीने में कर देंगे। यह कैसे संभव है? उन्होंने कहा कि यह गरीब की मेहनत है जो देश को आगे ले गई है और कोई एक व्यक्ति विकास का श्रेय नहीं ले जा सकता।
राहुल ने जनसभा से कहा कि गरीब लोग इस देश को आगे ले गए। अगर हमें देश को आगे बढ़ाना है तो हमें उनकी बात सुननी होगी और उन्हें एक साथ लाना होगा। आदिवासी समेत सभी को विकास का फल पाना चाहिए। हमने (कांग्रेस ने) जो कुछ किया वह आपके विचारों को जोड़ कर किया। उन्होंने महिलाओं को शक्तिसंपन्न बनाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि देश में 50 प्रतिशत महिलाएं हैं लेकिन राज्य विधानसभा और संसद में समानुपाती संख्या नहीं दिखती। दो दिन के महाराष्ट्र दौरे में यह राहुल का आखिरी सार्वजनिक कार्यक्रम था। कल उनका दौरा शुरू हुआ था। इससे पहले, कांग्रेस उपाध्यक्ष ने मुंबई में संपादकों के साथ एक अनौपचारिक बैठक की। (एजेंसी)

Trending news