जयंती नटराजन ने मोदी के आरोप को किया खारिज

नरेंद्र मोदी पर बरसते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंती नटराजन ने आज कहा कि उन्हें उस समय से निशाना बनाया जा रहा था जब बतौर पर्यावरण मंत्री उन्होंने भाजपा शासित गुजरात में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का जोरदार विरोध किया था।

नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी पर बरसते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंती नटराजन ने आज कहा कि उन्हें उस समय से निशाना बनाया जा रहा था जब बतौर पर्यावरण मंत्री उन्होंने भाजपा शासित गुजरात में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का जोरदार विरोध किया था।
नटराजन ने कहा, ‘यह निशाना बना कर किया गया निजी हमला है। उन्होंने जो कहा है, उसे मैं पूरी तरह से इंकार करती हूं। गुजरात में बड़े पैमाने पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया गया है। मैंने पर्यावरण के इस विनाश का विरोध किया था।’ इसके पहले मोदी ने पर्यावरण मंत्रालय से जयंती नटराजन को हटाने का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए आज कहा था कि पहली बार उन्होंने ‘जयंती कर’ के बारे में सुना था। मोदी उनके कार्यकाल के दौरान लगे आरोपों का जिक्र कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘पर्यावरण मंत्रालय को लेकर तूफान मचा और सभी फाइलें रोक दी गयीं। बिना पैसे के कोई फाइल नहीं बढ़ रही थी। हमने आयकर, बिक्री कर और आबकारी शुल्क के बारे में सुना है लेकिन हमने पहली बार दिल्ली में जयंती टैक्स के बारे में सुना जिसके बिना कुछ आगे नहीं बढ़ता था।’
मोदी ने पणजी में एक रैली में कहा, ‘जब तक भुगतान नहीं किया जाता, पर्यावरण मंत्रालय में फाइल आगे नहीं बढ़ सकती। मुझे इस तरह का अनुभव कभी नहीं हुआ क्योंकि मुझे इसकी जरूरत नहीं पड़ी लेकिन हम इस पर हैरान हैं। उन्होंने किस तरह की व्यवस्था विकसित की है।’
जयंती नटराजन ने मोदी द्वारा लगाये गये आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा नेता उन्हें निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। नटराजन ने कहा कि मोदी उन्हें धमकी दे रहे हैं लेकिन वह कामयाब नहीं होंगे। नटराजन के बाद पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली को पर्यावरण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गयी थी। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.