बेकार का मुद्दा है काटजू विवाद : मनमोहन सिंह

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को मार्कण्डेय काटजू विवाद से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह एक ‘बेकार’ का मुद्दा है।

नई दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को मार्कण्डेय काटजू विवाद से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह एक ‘बेकार’ का मुद्दा है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी में मनमोहन ने सिंह ने संवाददाताओं को बताया, ‘यह एक बेकार का मुद्दा है। सोली सोराबजी (पूर्व अटॉर्नी जनरल) ने भी इस पर बयान दिया है। मुझे इस पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है।’ वह उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश और प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मार्कण्डेय काटजू के बयान से उपजे विवाद पर प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे थे।

काटजू ने आरोप लगाया था कि देश के तीन पूर्व मुख्य न्यायाधीशों ने संप्रग शासन के दौरान तमिलनाडु के एक न्यायाधीश को पद पर बनाए रखने के लिए ‘अनुचित समझौते’ किए थे। काटजू ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस अपने गठबंधन सहयोगी द्रमुक के दबाव में झुक गई जिसने न्यायाधीश को सेवा विस्तार देने पर जोर दिया था।

राजग सरकार ने बाद में संसद में कहा था कि मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान पीएमओ ने पूछा था कि उच्चतम न्यायालय के कोलेजियम ने मद्रास उच्च न्यायालय के उस न्यायाधीश को सेवा विस्तार देने की सिफारिश क्यों नहीं की थी जिस पर भ्रष्टाचार के आरोप थे। कोलेजियम की ओर से इस मुद्दे पर हिचक जाहिर करने के बाद पीएमओ ने यह सवाल किया था।

मोदी सरकार ने यह मांग भी की है कि पूर्व प्रधानमंत्री को इस विवादित मुद्दे पर ‘स्पष्ट’ बयान देना चाहिए। सहारनपुर में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के हालात के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है।’

आर्थिक हालात पर पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमें सरकार को थोड़ा और वक्त देना चाहिए।’

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.