केजरीवाल ने आम आदमी को परेशान करने से किया इनकार, मीडिया को ठहराया जिम्मेदार

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविन्द केजरीवाल ने अपने मुंबई दौरे के समय हुई अफरा-तफरी एवं तोड़फोड़ को लेकर आलोचना के बीच आज इस पूरे मामले के लिए मीडिया को जिम्मेदार ठहराया और इस आरोप को खारिज कर दिया कि यह ‘प्रतीकात्मक स्टंट’ था।

मुंबई : आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविन्द केजरीवाल ने अपने मुंबई दौरे के समय हुई अफरा-तफरी एवं तोड़फोड़ को लेकर आलोचना के बीच आज इस पूरे मामले के लिए मीडिया को जिम्मेदार ठहराया और इस आरोप को खारिज कर दिया कि यह ‘प्रतीकात्मक स्टंट’ था।
केजरीवाल ने कहा कि ‘पूरे तमाशे’ के लिए मीडिया जिम्मेदार है। कल केजरीवाल मुंबई पहुंचे थे और लोकल ट्रेन एवं ऑटो रिक्शा में सफर किया था। बाद में उनका रोड शो भी हुआ था। उन्होंने एक मराठी समाचार चैनल से कहा कि पूरा तमाशा मीडिया की ओर से खड़ा किया गया जो लोगों से मेरे लोकल ट्रेन में सफर करने से हो रही दिक्कत के बारे में सवाल पूछ रहा था। हमारे लोग किसी तरह की तोड़फोड़ में शामिल नहीं थे। आम आदमी मेरे साथ सफर करके खुश थे।
केजरीवाल ने इस आरोप को भी सिरे से खारिज कर दिया कि उनका ऑटो और लोकल ट्रेन में सफर करना प्रतीकात्मक स्टंट था। केजरीवाल ने फिर दोहराया कि मीडिया को पैसे दिए जा रहे हैं कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को बढ़ाचढ़ाकर पेश किया जाए और आप के नेता को बदनाम किया जाए। उन्होंने कहा कि मैं मीडिया से आग्रह करता हूं कि आप की इस छोटी पौध को तबाह नहीं करे जिसने आम आदमी को एक उम्मीद दी है। इससे पहले आप की प्रवक्ता प्रीति शर्मा मेनन ने आज प्रेट्र को बताया कि अरविन्द जी अस्वस्थ हैं। कल मुंबई के व्यस्त कार्यक्रम के चलते वह काफी थकान महसूस कर रहे हैं। डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि केजरीवाल का आज सुबह नागपुर रवाना होने का कार्यक्रम था, लेकिन अब वह शाम को जा सकते हैं।
केजरीवाल ने महाराष्ट्र में कल लोकल ट्रेन में सवार होकर अपने लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की थी। उनके इस दौरे के दौरान अफरातफरी मची और तोड़फोड़ हुई तथा यात्रियों ने परेशानी की शिकायत की। आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं पर चर्चगेट पर स्टेशन की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है जहां केजरीवाल ट्रेन के जरिए अंधेरी से पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने आप के लोकसभा उम्मीदवारों मेधा पाटकर और मीरा सान्याल के साथ मुंबई की सड़कों पर ‘झाड़ू चलाओ यात्रा’ निकाली। उसके बाद वह धन जुटाने के लिए एक बैठक में शामिल हुए और फिर दक्षिण मुंबई में एक अन्य रोड शो किया। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.