नितिन गडकरी ने केजरीवाल को भेजा कानूनी नोटिस, गोगोई ने कहा- `भ्रष्ट हैं साबित करें`

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने अपने खिलाफ आरोप लगाने और उनका नाम भारत के सबसे भ्रष्ट की सूची में शामिल करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक कानूनी नोटिस भेजा। उधर कांग्रेस नेता और असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने केजरीवाल को चुनौती दी कि वह अपना यह आरोप साबित करेंगे कि वह भ्रष्ट हैं।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली : दिल्ली में जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है तब से यह पार्टी और इसके प्रमुख अरविंद केजरीवाल का नाम हमेशा विवादों में घिरा रहा है। केजरीवाल एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को भ्रष्ट नेताओं की सूची जारी की। उसके बाद से उन पर चौतरफा हमला शुरू हो गया है। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने अपने खिलाफ आरोप लगाने और उनका नाम भारत के सबसे भ्रष्ट की सूची में शामिल करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक कानूनी नोटिस भेजा। उधर कांग्रेस नेता और असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने केजरीवाल को चुनौती दी कि वह अपना यह आरोप साबित करेंगे कि वह भ्रष्ट हैं।

गडकरी के वकील के जरिए भेजे गए नोटिस में केजरीवाल से कहा गया है कि वह अपना बयान तीन दिन के भीतर वापस लें और ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में कहा गया है कि केजरीवाल अपनी मानहानिकारक एवं दुर्भावनापूर्ण टिप्पणी पर सभी समाचार चैनलों के समक्ष सार्वजनिक तौर पर और प्रकाशित करवा कर खेद जताये। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर उनके खिलाफ उपयुक्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी जिसमें आपराधिक मानहानि का मामला भी शामिल है।
गोगोई ने केजरीवाल के भ्रष्ट राजनेताओं की सूची पर प्रतिक्रिया जताते हुए यहां कहा, उन्हें साबित करने दीजिए कि मैं भ्रष्ट हूं। केजरीवाल ने अपनी इस सूची में गोगोई का नाम भी शामिल किया है। गोगोई ने जोर देकर कहा, असम के लोगों पर मुझ पर कभी भी भ्रष्ट होने का आरोप नहीं लगाया। सतर्कता विभाग की ओर से कभी भी मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई भी मामला दायर नहीं किया गया। उन्होंने कहा, केजरीवाल को चुनाव में असम में अपने उम्मीदवार खड़े करने दीजिए और असम के लोग उन्हें उपयुक्त जवाब देंगे। राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए केजरीवाल ने गोगोई एवं अन्य पर भ्रष्ट होने का आरोप लगाया और कहा कि वह उनके खिलाफ उम्मीदवार खड़े करेंगे।

उधर, भाजपा प्रवक्ता सुधांधु त्रिवेदी ने कहा, भाजपा बयान की निंदा करती है और उम्मीद करती है कि वह या तो सबूत पेश करेंगे। बेबुनियाद आरोपों या माफी मांगेंगे, नहीं तो कानूनी कार्यवाही सहित सभी विकल्प खुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को कोई अधिकार नहीं कि वह अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को भ्रष्ट कहें और बेबुनियाद आरोप लगाकर उनका चरित्र हनन करें। उन्होंने कहा, केजरीवाल और AAP को एक आंदोलनकारी होने और एक संवैधानिक जिम्मेदारी (संभालने) के बीच अंतर समझना चाहिए। भ्रष्ट व्यक्तियों की सूची में नाम का उल्लेख होने के कुछ ही घंटे बाद गडकरी ने केजरीवाल को एक कानूनी नोटिस देकर मांग की कि वह तीन दिन के भीतर अपने शब्द वापस लें और सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे या कानूनी कार्रवाई का सामना करें। केजरीवाल ने छवि सुधार और ब्रांडिंग के लिए 500 करोड़ रुपए करने के लिए प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा।

AAP सोनिया, मोदी, राहुल के खिलाफ उतारेगी उम्मीदवार
यूपीए मंत्रियों और अन्य पार्टियों के नेताओं के अलावा सोनिया गांधी, नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज घोषणा की कि आम आदमी पार्टी (AAP) उनके खिलाफ भ्रष्टाचार, राजनीति के अपराधीकरण सहित विभिन्न मुद्दों के आधार पर उम्मीदवार खड़े करेगी।
केजरीवाल ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन पर भ्रष्ट होने का आरोप लगाया। उन्होंने भ्रष्ट राजनेताओं की एक सूची तैयार की है जिसमें सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह, बसपा प्रमुख मायावती, केंद्रीय मंत्रियों पी चिदम्बरम और सुशील कुमार शिंदे और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी सहित अन्य शालिम हैं।
AAP के प्रवक्ता दिलीप पांडे ने बताया कि देर रात AAP राष्ट्रीय परिषद की एक बैठक में यह निर्णय किया गया इसमें सोनिया का नाम वंशवाद की राजनीति को आगे बढ़ाने, मोदी का नाम राजनीति का अपराधीकरण करने के लिए शामिल किया जाए।
इस बैठक में जोड़े गए अन्य नामों में एक टोल बूथ पर हमला करने वाले गुजरात से भाजपा सांसद विट्ठल रडाडिया, भाजपा सांसद दीनू सोलंकी जिनका नाम आरटीआई कार्यकर्ता अमित जेठवा की हत्या में सामने आया था, महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री और वर्तमान में लोकनिर्माण मंत्री छगन भुजबल शामिल हैं।
पूरे देश से आये AAP के कार्यकर्ताओं वाले राष्ट्रीय परिषद को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, मैंने देश के भ्रष्ट (राजनेताओं) की एक सूची तैयार की है। यदि आप किसी भ्रष्ट नेता के बारे में पता है तो कृपया मुझे बताइये। उन्होंने कहा, मैं देश से पूछना चाहता हूं कि (इन नेताओं को) हरायें या उन्हें संसद भेंजे।
उन्होंने कहा कि पार्टी कपिल सिब्बल, जी के वासन, सलमान खुर्शीद, वीरप्पा मोइली, श्रीप्रकाश जायसवाल, कमलनाथ, पवन बंसल के साथ सांसदों नवीन जिंदल, अवतार सिंह भडाना, अनू टंडन, सुरेश कलमाड़ी और असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के खिलाफ भी प्रत्याशी खड़े करेगी। उन्होंने कहा कि आप केंद्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला, द्रमुक सांसदों अलागिरि, पूर्व मंत्री ए राजा, कनिमोई, और राकांपा नेताओं शरद पवार और प्रफुल पटेल के खिलाफ भी प्रत्याशी खड़े करेगी।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.