शी की यात्रा से मजबूत होंगे भारत-चीन के रिश्ते : मोदी
Advertisement

शी की यात्रा से मजबूत होंगे भारत-चीन के रिश्ते : मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वह 17 सितंबर को अहमदाबाद में चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग की अगवानी करने में जुट गए हैं और उन्हें भरोसा है कि उनकी भारत यात्रा से दोनों देशों के रिश्ते प्रगाढ़ होंगे।

शी की यात्रा से मजबूत होंगे भारत-चीन के रिश्ते : मोदी

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वह 17 सितंबर को अहमदाबाद में चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग की अगवानी करने में जुट गए हैं और उन्हें भरोसा है कि उनकी भारत यात्रा से दोनों देशों के रिश्ते प्रगाढ़ होंगे।

मोदी ने कहा कि बौद्ध धर्म चीन और भारत के बीच की अत्यंत मजबूत कड़ी है और दोनों देशों को मजबूती से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि गुजरात में भी बौद्ध धर्म की बहुत समृद्ध विरासत रही है।

उन्होंने कहा, ‘जिस जगह मेरा जन्म हुआ, यानी वाडनगर में भी मठ सहित बौद्ध प्रभाव की समृद्ध विरासत है।’ चीन के राष्ट्रपति की यात्रा से पहले प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया ट्वीटर पर वाडनगर सहित गुजरात में बौद्ध विरासतों को दर्शाने वाले स्लाइड साझा किए हैं।

एक स्लाइड में उन्होंने जूनागढ़ स्थित उस राजाज्ञा को पोस्ट किया है जिसमें बौद्ध धर्म के प्रति सम्राट अशोक की श्रृद्धा परिलक्षित होती है। प्रधानमंत्री ने एक अन्य स्लाइड में विख्यात चीनी यात्री ह्वान त्सांग के हवाले से कहा कि उन्होंने भी गुजरात में बौद्ध मठों और भिक्षुओं की उपस्थिति का जिक्र किया है।

शी 17 सितंबर को अहमदाबाद आएंगे और उसी दिन मोदी का जन्मदिन भी है। पहले मोदी के प्रशंसक बड़े पैमाने पर उनका जन्मदिवस मनाने की तैयारी कर रहे थे जिसमें मुख्य अतिथि शी को होना था लेकिन जम्मू कश्मीर में आई विनाशकारी बाढ़ के चलते मोदी ने कल सबसे आग्रह किया कि उनका जन्मदिवस नहीं मनाया जाए।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि चीन के राष्ट्रपति के सम्मान में मोदी अहमदाबाद में साबरमती नदी के किनारे निजी रात्रि भोज की मेजबानी करेंगे। इस भोज में सीमित लोग हिस्सा लेंगे। यह भोज बहुत सादा होगा और दोनों ओर के केवल पांच-पांच लोग उसमें शिरकत करेंगे।

Trending news