राहुल गांधी आज भोपाल में, महिलाओं व पार्टी नेताओं से मिलेंगे
Advertisement

राहुल गांधी आज भोपाल में, महिलाओं व पार्टी नेताओं से मिलेंगे

कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के लिए हर वर्ग की राय लेकर घोषणा-पत्र तैयार करना चाहते हैं, इसी के लिए चल रहे अभियान के तहत गांधी सोमवार को भोपाल आ रहे हैं, जहां वे चुनिंदा महिलाओं से चर्चा कर उनकी राय लेंगे। इसके अलावा वे कांग्रेस पदाधिकारियों व विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों से भी मुलाकात करेंगे।

fallback

भोपाल : कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा चुनाव के लिए हर वर्ग की राय लेकर घोषणा-पत्र तैयार करना चाहते हैं, इसी के लिए चल रहे अभियान के तहत गांधी सोमवार को भोपाल आ रहे हैं, जहां वे चुनिंदा महिलाओं से चर्चा कर उनकी राय लेंगे। इसके अलावा वे कांग्रेस पदाधिकारियों व विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों से भी मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष मानक अग्रवाल ने जानकारी दी है कि गांधी भोपाल में कुल चार संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे दोपहर विशेष विमान से भोपाल पहुंचेंगे। वे भोपाल में पहुंचते ही सीधे महिलाओं के कार्यक्रम में पहुंचेंगे। महिला सशक्तिकरण के लिए महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम के लिए भोपाल के पुराने विधानसभा क्षेत्र को चुना गया है। यहां राहुल गांधी चौपाल लगाकर महिला प्रतिनिधि की बात सुनेंगे। इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न क्षेत्रों की 231 महिलाओं ने अपनी सहमति भेज दी है।
कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस आयोजन में राहुल गांधी देश की चुनिंदा महिलाओं से जानने की कोशिश करेंगे कि सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक रूप से महिला सशक्तिकरण के लिए क्या किया जा सकता है। इन महिलाओं के प्रमुख सुझावों को कांग्रेस के लोकसभा चुनाव के लिए जारी किए जाने वाले घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।
इस आयोजन को सफल बनाने की जिम्मेदारी महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा संभाले हुए है। आयोजन स्थल पर एसपीजी के जवानों की नजर है, वहीं सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। कांगेस पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के अलावा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में तीन संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। ये बैठकें पार्टी प्रतिनिधियों के साथ होगी और वे विधानसभा चुनाव में उतारे गए उम्मीदवारों से भी मुलाकात करेंगे। अग्रवाल ने बताया है कि इसके बाद गांधी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित तीनों संवाद कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इन संवादों में कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश, पूर्व मुख्य मंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ, केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव तथा नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे भी उपस्थित रहेंगे। (एजेंसी)

Trending news