`संघ पर गांधी की हत्या का आरोप वापस लें राहुल`

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोगों की भूमिका का आरोप लगाने वाले राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोलते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष को यह ‘बेबुनियाद’ इल्जाम वापस लेना चाहिए।

इंदौर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोगों की भूमिका का आरोप लगाने वाले राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोलते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष को यह ‘बेबुनियाद’ इल्जाम वापस लेना चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने यहां दशहरा मैदान पर पार्टी कार्यकर्ताओं के संसदीय सम्मेलन में कहा, ‘राहुल ने संघ सरीखे विश्व के सबसे बड़े सामाजिक.सांस्कृतिक संगठन पर बगैर सोचे-समझे आरोप लगा दिया कि महात्मा गांधी की हत्या संघ के लोगों ने की थी। जबकि गांधी हत्याकांड की जांच के लिए गठित कपूर आयोग ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि इस मामले में संघ पर लगे आरोप पूरी तरह निराधार हैं।’
कांग्रेस नेताओं को इतिहास के पन्ने पलटकर तथ्य पता करने की नसीहत देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘महात्मा गांधी की हत्या के बाद सरकार ने संघ पर प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन खुद कांग्रेस ने इस हत्याकांड के महज छह महीने के भीतर स्वीकार कर लिया था कि गांधी की हत्या में संघ का कोई हाथ नहीं है और इस संबंध में संघ पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं।’
सिंह ने कहा, ‘मैं कांग्रेस नेतृत्व से विनम्रतापूर्वक मांग करता हूं कि वह अपने उपाध्यक्ष को गांधी हत्याकांड में संघ पर लगाया गया बेबुनियाद आरोप वापस लेने के लिए कहे।’ भाजपा अध्यक्ष ने वर्ष 1984 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की जांच के लिए सरकार के गठित आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग भी की। उन्होंने कहा, ‘आखिर क्यों इस आयोग की जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई। मैं प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेतृत्व से इस रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग करता हूं, ताकि यह खुलासा हो सके कि इंदिरा की हत्या किन हालात में हुई।’
सिंह ने कांग्रेस पर शब्दों की मर्यादा भूलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस अवसाद की अवस्था में चली गई है और उसने अपनी जुबान पर नियंत्रण खो दिया है। इसलिए कभी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भाजपा को जहरीली पार्टी बताती हैं, तो कभी कांग्रेस भाजपा को चोर कह देती है।’ (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.