भागवत को ‘हिटलर’ कहने पर शिवसेना ने कांग्रेस पर साधा निशाना

शिवसेना ने गुरुवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को ‘हिन्दू राष्ट्र’ से जुड़ी उनकी विवादित टिप्पणी के लिए ‘हिटलर’ कहने पर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि यह वही पार्टी है जिसने हिन्दुओं को ‘नजरअंदाज’ करके राजनीतिक लाभ कमाने के लिए मुस्लिमों को ‘रिझाया’।

मुंबई : शिवसेना ने गुरुवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को ‘हिन्दू राष्ट्र’ से जुड़ी उनकी विवादित टिप्पणी के लिए ‘हिटलर’ कहने पर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि यह वही पार्टी है जिसने हिन्दुओं को ‘नजरअंदाज’ करके राजनीतिक लाभ कमाने के लिए मुस्लिमों को ‘रिझाया’।

पार्टी ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में कहा कि यह आश्चर्य की बात नहीं है कि भागवत को उनकी हिन्दू राष्ट्र वाली टिप्पणियों के लिए हिटलर कहा गया। राष्ट्र छद्म धर्मनिरपेक्ष आधार पर बना है, जहां मुस्लिमों को केवल राजनीतिक लाभ कमाने के लिए रिझाया गया।

संपादकीय में कहा गया कि हिन्दुओं ने संप्रग सरकार के प्रति सब्र क्यों खोया? ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि कांग्रेस और सपा जैसे दल 85 प्रतिशत हिन्दुओं को नजरअंदाज करके 15 प्रतिशत मुस्लिमों की मांगों के सामने झुक गये। ऐसा करने का परिणाम सबके सामने हैं। इसमें कहा गया कि लोकसभा में भाजपा की हालिया जीत का श्रेय ‘हिन्दुत्व’ एजेंडे को जाता है।

पार्टी ने कहा कि हिन्दुओं ने एकजुट होकर भाजपा-शिवसेना को वोट दिया। अगर यह जारी रहा तो इस देश के हिन्दू राष्ट्र बनने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए शिवसेना ने कहा कि भाजपा को उस राज्य में शानदार जीत मिली क्योंकि वहां हिन्दुओं पर उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘अत्याचार’ किए।

संपादकीय में कहा गया कि राज्य में आज हिन्दू लड़कियों को खुलेआम बलात्कार किया जा रहा है। लड़कियों को अपना धर्म बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है और अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश करने पर राज्य प्रशासन द्वारा उनकी आवाज दबाई जा रही है। इससे वहां हिन्दू नाराज हो गए और उन्होंने भाजपा को 71 लोकसभा सीटें दे दीं।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.