धर्मगुरु सैयदना मो. बुरहानुद्दीन के अंतिम दर्शन के दौरान मची भगदड़, 18 की मौत, कई घायल

मुंबई के मालाबार हिल के नजदीक दाऊदी बोहरा समुदाय के आध्यात्मिक गुरु सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन की शोकसभा में शुक्रवार आधी रात के बाद भगदड़ मच जाने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई।

ज़ी मीडिया ब्यूरो

मुंबई : मुंबई के मालाबार हिल के नजदीक दाऊदी बोहरा समुदाय के आध्यात्मिक गुरु सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन की शोकसभा में शुक्रवार आधी रात के बाद भगदड़ मच जाने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उनका शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा देर रात एक बजे के बाद मालाबार हिल इलाके में हुआ जहां बड़ी संख्या में लोग दाउदी बोहरा समुदाय के दिवंगत आध्यात्मिक नेता डॉ सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन को श्रद्धांजलि देने के लिए जुटे थे। डॉ सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन का कल निधन हो गया था। उनके निधन की खबर सुन कर उनके अनुयायी मालाबार हिल स्थित उनके आवास पर पहुंचने लगे। सूत्रों ने बताया कि भगदड़ के कारण 66 से अधिक लोग घायल हुए हैं जिन्हें सैफी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि अंतिम दर्शन के लिए करीब 50 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे थे। आज दोपहर को धर्मगुरु बुरहानुद्दीन की अंतिम यात्रा निकलने वाली है। बुरहानुद्दीन दाउदी बोहरा समाज के 52वें धर्मगुरु थे। उनकी मौत के बाद दुनिया भर के बोहरा समाज में शोक में डूब गया।
बोहरा समुदाय के एक प्रवक्ता ने बताया कि डॉ सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन कुछ ही हफ्ते बाद अपना 103 वां जन्मदिन मनाने वाले थे। दुनिया भर में फैले दाउदी बोहरा समुदाय के 52 वें दाई-अल-मुतलक़ डॉ सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन ने मुंबई में अपने आवास सैफी महल में अंतिम सांस ली थी। सूरत में जन्मे डॉ सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन सैयदना, ताहेर सैफुद्दीन के सबसे बड़े पुत्र थे। वर्ष 1965 में अपने पिता के निधन के बाद वह उनके उत्तराधिकारी बने। दाउदी बोहरा समुदाय को एक उर्जावान समुदाय में बदलने का श्रेय उन्हें ही जाता है। दाउदी बोहरा दुनिया भर में फैले शिया मुस्लिमों का एक संप्रदाय है।
डॉ सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन को जॉर्डन की सरकार ने सर्वोच्च नागरिक उपाधि ‘‘स्टार ऑफ जॉर्डन’’ और मिस्र सरकार ने ‘‘ऑर्डर ऑफ द नील’’ की उपाधि दी थी। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, कराची विश्वविद्यालय और काहिरा के अल अजहर विश्वविद्यालय जैसे प्रख्यात संस्थानों ने सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास के प्रयासों के लिए डॉ सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन को डॉक्टरेट की मानद उपाधि दी गई थी।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.