पनडुब्बी हादसा: सम्मान से होगी सैनिकों की विदाई
Advertisement

पनडुब्बी हादसा: सम्मान से होगी सैनिकों की विदाई

आईएनएस सिंधुरत्न पनडुब्बी हादसे का शिकार हुए दो नौसैनिकों को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

मुंबई: आईएनएस सिंधुरत्न पनडुब्बी हादसे का शिकार हुए दो नौसैनिकों को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। यह जानकारी एक अधिकारी ने शुक्रवार को दी। लेफ्टिनेंट कमांडर कपिश मुवाल और लेफ्टिनेंट कमांडर मनोरंजन कुमार आईएनएस सिंधुरत्न के कंपार्टमेंट नंबर तीन में गुरुवार को मृत पाए गए थे। नौसैनिकों के परिवार वालों को उनकी मौत की जानकारी दे दी गई और वह शव को लेने मुंबई पहुंच गए हैं।
रक्षा मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बहादुर अधिकारियों को पूरे सैन्य सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी। सैन्य सम्मान के प्रबंध के लिए गृह शहर की सेना और पुलिस इकाई को सूचित कर दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों को सम्मान देने के लिए नौसेना के झंडे को आधा झुकाया जाएगा जाएगा। रक्षा मंत्रालय और भारतीय नौसेना के तरफ से मृतक अधिकारियों के परिवार वालों को सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पनडुब्बी में तैनात लगभग 94 नाविक की भी चिकित्सीय जांच की गई और उनकी हालत स्थिर है।
सात घायलों में कुछ का इलाज आईएनएसएस अश्विनी अस्पताल में किया जा रहा है और उन्हें जल्द छुट्टी दे दी जाएगी। नौसेना ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। एक प्रशिक्षण अभियान के लिए निकले पनडुब्बी के कपार्टमेंट संख्या तीन से बुधवार को धुंआ निकलने लगा था, इस घटना में सात नौसैनिक घायल हो गए थे, और दो की मौत हो गई थी। (एजेंसी)

Trending news