एक ही परिवार के 301 सदस्यों ने डाला वोट
Advertisement

एक ही परिवार के 301 सदस्यों ने डाला वोट

असम के तेजपुर निर्वाचन क्षेत्र के सुदूर गांव में रहने वाले एक ही परिवार के 301 सदस्यों ने आज अपने मताधिकार का उपयोग किया।

fallback

तेजपुर (असम) : असम के तेजपुर निर्वाचन क्षेत्र के सुदूर गांव में रहने वाले एक ही परिवार के 301 सदस्यों ने आज अपने मताधिकार का उपयोग किया। ये सारे मतदाता एक ही परिवार से संबंध रखते हैं और एक ही गांव में रहते हैं। इनके पूर्वज नेपाल से आकर यहां बस गए थे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मतदाताओं में 175 पुरूष और 126 महिला मतदाता शामिल हैं। रंगापाड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फूलगुरी नेपालीपम गांव में इन सभी ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। हालांकि गांव से बाहर रहने के कारण 20 मतदाता अपने मत का उपयोग नहीं कर सके।
ये सभी 321 मतदाता अहिमन थापा के वंशज हैं, जो वर्ष 1888 में नेपाल से यहां आकर बस गए थे। ये सभी इलाके के पंजीकृत मतदाता हैं। सभी मतदाता 118 पारिवारिक इकाइयों से आते हैं जो एक ही गांव में रहते हैं। इनके अलावा गांव में 94 चाय बागान परिवार, 28 अल्पसंख्यक समुदाय, आठ बंगाली और छह बोडो परिवार भी रहते हैं।
अहिमन थापा अपने बेटे धनमन थापा और पोते रोन बहादुर थापा के साथ आए थे। वर्ष 1988 में उन्हें ‘गांवबूढ़’ (गांव का मुखिया) नियुक्त किया गया था। रोन बहादुर की पांच पत्नियां थीं जिनसे उनकी 21 संतानें - 12 लड़के और नौ लड़कियां हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने साथ अपने भतीजे को भी साथ रखा था। गांव में रहने वाले थापा परिवार में उनके बेटे, बेटियां और रोन बहादुर के भतीजे शामिल हैं। (एजेंसी)

Trending news