यूपी में सुरक्षित सीटों पर बीजेपी की अलग रणनीति

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी अमित शाह ने प्रदेश की 17 सुरक्षित लोकसभा सीटों पर जीत के लिए अलग से रणनीति तैयार करने की योजना बनाई है। पार्टी की कोशिश इनमें से अधिकतर सीटों पर जीत हासिल करना है।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी अमित शाह ने प्रदेश की 17 सुरक्षित लोकसभा सीटों पर जीत के लिए अलग से रणनीति तैयार करने की योजना बनाई है। पार्टी की कोशिश इनमें से अधिकतर सीटों पर जीत हासिल करना है।
इसकी खास वजह यह है कि केंद्र में जब भी भाजपा की सरकार बनी है, इन सुरक्षित सीटों का काफी अहम योगदान रहा है। पिछले आम चुनाव में 17 सुरक्षित सीटों पर भाजपा के केवल दो उम्मीदवार जीते थे, जबकि पूरे प्रदेश में भाजपा को 10 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। इसलिए इस बार पार्टी की नजर सुरक्षित सीटों पर है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, सुरक्षित सीटों पर पार्टी ने हर वर्ग का वोट हासिल करने के लिए ताना-बाना बुना है और रणनीति के तहत ऐसे ही उम्मीदवार उतारे गए हैं, जिनकी दलित वर्ग पर पकड़ हो तथा वे अगड़े वोटों को भी पार्टी से जोड़ने में कामयाब रहें। बाराबंकी सुरक्षित सीट पर प्रियंका रावत को उम्मीदवार बनाया गया है, जहां से अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पीएल पुनिया कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। रावत यहां पुनिया को कड़ी टक्कर दे रही हैं। इसी प्रकार मोहनलालगंज सुरक्षित सीट से भाजपा के कौशल किशोर का मुकाबला बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार आरके चौधरी से है। पूर्व विधायक कौशल किशोर की इलाके में अच्छी पकड़ मानी जाती है और माना जा रहा है कि भाजपा का पलड़ा यहां भारी हो सकता है।
बहराइच सुरक्षित सीट से विधायक सावित्री बाई फूले को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के कमल किशोर कमांडो से है। पूर्वाचल में बांसगांव सुरक्षित सीट पर भाजपा के कमलेश पासवान ने 2009 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। भाजपा मान रही है कि इस बार यह सीट पार्टी के खाते में जा सकती है। इसी प्रकार आगरा सुरक्षित सीट भी भाजपा की झोली में गई थी और यहां भी पार्टी मजबूती से लड़ती दिखाई दे रही है।
भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि प्रदेश की 17 सुरक्षित सीटों में से यदि आधी से अधिक सीटें भी भाजपा की झोली में जाती हैं तो पार्टी को बड़ा फायदा हो सकता है और इससे जनता के बीच एक संदेश जाएगा कि पार्टी पिछड़े मतों को अपने साथ जोड़ने में कामयाब रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने इस संबंध में पूछे जाने पर सिर्फ इतना कहा कि पार्टी हर सीट पर जीत की उम्मीद से लड़ रही है और चुनाव के बाद परिणाम अच्छे आएंगे। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.