लोकसभा चुनाव 2014 LIVE : तीन बजे तक असम में 60%, त्रिपुरा में 74% मतदान
Advertisement

लोकसभा चुनाव 2014 LIVE : तीन बजे तक असम में 60%, त्रिपुरा में 74% मतदान

असम में लोकसभा की पांच सीटों के लिए सोमवार को जारी मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार है।

fallback

ज़ी मीडिया ब्यूरो
गुवाहाटी : असम में लोकसभा की पांच सीटों के लिए सोमवार को जारी मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार है।
* असम में तीन बजे तक 60%मतदान
* त्रिपुरा में 3 बजे तक 74% मतदान
* दोपहर तक असम में 35% मतदान
* दोपहर तक त्रिपुरा में 41% मतदान
* सुबह 11 बजे तक असम में 25% और त्रिपुरा में 15% वोटिंग हुई है।
* मतदान 7 बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चलेगा।
अधिकारियों के मुताबिक, अधिकतर मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे ही शुरू हो गया, जबकि कलियाबोर और तेजपुर लोकसभा क्षेत्रों में कुछ केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के कारण मतदान प्रक्रिया में थोड़ी देरी हुई।
मतदान के लिए 8,588 केंद्र बनाए गए हैं। लगभग सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सुबह से ही कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।
देश की 16वीं लोकसभा के लिए नौ चरणों में होने वाले मतदान के प्रथम चरण के तहत असम की 14 में से पांच लोकसभा क्षेत्रों- तेजपुर, जोरहाट, कलियाबोर, डिब्रूगढ़ और लखीमपुर के लिए मतदान हो रहा है। इन निर्वाचन क्षेत्रों में अनुमानत: 64 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। मतदान के लिए 8,588 केंद्र बनाए गए हैं।
असम की इन पांच लोकसभा सीटों में से जोरहाट से 10, तेजपुर से नौ, कलियाबोर और लखीमपुर से 13-13 और डिब्रूगढ़ से छह प्रत्याशी मैदान में हैं। असम की शेष 12 लोकसभा सीटों में से तीन पर 12 अप्रैल को और छह सीटों पर 24 अप्रैल को मतदान होगा। असम में कांग्रेस सबसे बड़ा राजनीतिक दल रहा है, जबकि त्रिपुरा में मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का दबदबा रहा है। लेकिन इस बार दोनों राज्यों में विपक्षी दलों ने बेहद आक्रामक चुनाव प्रचार चलाया है।
असम की शेष लोकसभा सीटों के लिए 12 अप्रैल और 24 अप्रैल को मतदान होंगे। 12 अप्रैल को होने वाले मतदान में लोकसभा के तीन सदस्यों और 24 अप्रैल को होने वाले मतदान में छह सदस्यों का निर्वाचन होगा।
असम में आज पहले चरण के मतदान के तहत जिन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो रहा है, उनमें तेजपुर लोकसभा सीट से राज्य के शीर्ष लॉटरी व्यवसायी मणि कुमार सुब्बा (निर्दलीय), कलियाबोर से मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई और जोरहट से कांग्रेस के निवर्तमान सांसद बिजोय कृष्ण हांडिक तथा वरिष्ठ वामपंथी नेता द्रुपद बोर्गोहैन प्रमुख हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सर्बानंद सोनोवाल और जनजाति मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री रानी नाराह लखीमपुर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री पवन सिंह घटोवार (कांग्रेस), रामेश्वर तेली (भाजपा) तथा अनूप फुकान (असम गण परिषद) डिब्रूगढ़ से मैदान में हैं। पांच लोकसभा सीटों के लिए शांतिपूर्ण एवं सुचारु मतदान के लिए 38,463 अधिकारियों की तैनाती की गई है।
त्रिपुरा की दो लोकसभा सीटों में से सोमवार को त्रिपुरा (पश्चिम) निर्वाचन क्षेत्र में भी सुबह सात बजे मतदान जारी है। त्रिपुरा (पश्चिम) सीट से 13 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें एक महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। कुल 12 लाख मतदाता इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो रहा है। त्रिपुरा की इस सीट पर पिछले लोकसभा चुनाव-2009 में माकपा के खगन दास ने कांग्रेस के सुदीप रॉय बर्मन को हराया था। त्रिपुरा की इस लोकसभा सीट से 1952 में पहली बार हुए लोकसभा चुनाव से अब तक 11 बार वाम प्रत्याशी जबकि चार बार कांग्रेस प्रत्याशी जीत चुके हैं।
इस वर्ष यहां से माकपा के शंकर प्रसाद दत्ता और कांग्रेस के अरुणोदय साहा के बीच मुख्य लड़ाई है। त्रिपुरा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आशुतोष जिंदल ने बताया कि मतदान के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) भारत-बांग्लादेश सीमा को बंद कर दिया गया है। त्रिपुरा (पूर्व) सीट पर मतदान चौथे चरण में 12 अप्रैल को होगा।

Trending news