गिरिराज सिंह की टिप्पणी पर भाजपा हुई खफा, बयान से किया किनारा
Advertisement

गिरिराज सिंह की टिप्पणी पर भाजपा हुई खफा, बयान से किया किनारा

भाजपा ने आज बिहार के नेता गिरिराज सिंह की इस टिप्पणी से खुद को दूर किया कि ‘नरेंद्र मोदी का समर्थन करो या पाकिस्तान जाओ’। भाजपा ने कहा कि उन्हें पार्टी के शीर्ष नेताओं की नाखुशी से अवगत करा दिया गया है तथा उनसे कोई और विवाद खड़ा नहीं करने के लिए कहा गया है।

fallback

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने आज बिहार के नेता गिरिराज सिंह की इस टिप्पणी से खुद को दूर किया कि ‘नरेंद्र मोदी का समर्थन करो या पाकिस्तान जाओ’। भाजपा ने कहा कि उन्हें पार्टी के शीर्ष नेताओं की नाखुशी से अवगत करा दिया गया है तथा उनसे कोई और विवाद खड़ा नहीं करने के लिए कहा गया है।
सिंह ने शनिवार को झारखंड में एक चुनावी सभा में कहा था कि मोदी का विरोध करने वालों को चुनावों के बाद पाकिस्तान जाना पड़ेगा। इस बयान से भाजपा के नेता नाराज थे और विपक्षी दलों ने इसकी कड़ी आलोचना की थी। विपक्षी दलों का कहना था कि उनकी टिप्पणियां मुस्लिमों के संदर्भ में की गई हैं।
भजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने कहा कि पार्टी का सिंह के बयान से कोई लेना देना नहीं है। बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने इस बयान को ‘गैरजिम्मेदाराना’ बताते हुए कहा कि पार्टी इसे स्वीकार नहीं करती। उन्होंने ट्वीट किया, ‘भाजपा गिरिराज सिंह के गैरजिम्मेदाराना बयान को स्वीकार नहीं करती।’
पार्टी सूत्रों ने कहा कि सिंह की उनके बयानों के लिए निंदा की गई। भाजपा का मानना है कि इन बयानों ने अन्य दलों को मुद्दा थमा दिया है जबकि पार्टी का प्रचार अभियान विकास के एजेंडे के इर्दगिर्द चल रहा है। पार्टी के एक नेता ने कहा, ‘उन्हें पार्टी नेतृत्व की नाखुशी से अवगत कराया गया है।’
भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रवक्ता मीम अफजल ने सवाल किया कि क्या लालू प्रसाद, नीतीश कुमार, मुलायम सिंह यादव और मायावती जैसे गैरराजग नेताओं को पाकिस्तान भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को सिंह की टिप्पणियों पर संज्ञान लेना चाहिए और उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। कांग्रेस के विधि प्रकोष्ठ केसी मित्तल ने कहा कि वे इस संबंध में चुनाव आयोग जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘यह गंभीर मुददा है। वह लोगों को भड़काने और देश को बांटने की आधारशिला रखने का प्रयास कर रहे हैं। वह जिस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं वह खतरनाक और विभाजनकारी है।’ गिरिराज सिंह ने कहा था, ‘जो लोग नरेंद्र मोदी का विरोध कर रहे हैं वे पाकिस्तान की ओर देख रहे हैं और इस तरह के लोगों की भारत में नहीं पाकिस्तान में जगह होगी।’ (एजेंसी)

Trending news