यूपी में सपा जीती तो मुलायम होंगे PM: अखिलेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि इस घोषणापत्र में जो बातें कही गई हैं उनसे देश का भला नहीं होगा।

धामपुर/बिजनौर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि इस घोषणापत्र में जो बातें कही गई हैं उनसे देश का भला नहीं होगा। भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है, उन्हीं के फायदे के लिए काम करेगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि भाजपा के घोषणापत्र में गरीबों, मजदूरों, किसानों के लिए कुछ भी नहीं है। कांग्रेस ने भी जनता के साथ खूब धोखाधड़ी की है। देश की जनता कांग्रेस और भाजपा से तंग आ चुकी है और अब इनसे छुटाकारा पना चाहती है। लोकसभा चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी, जिसमें समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका होगी।
नगीना लोकसभा क्षेत्र से सपा उम्मीदवार यशवीर सिंह धोबी के समर्थन में एक चुनावी रैली में अखिलेश ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। इस चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा। देश के ज्यादातर राज्यों में तीसरे दलों को सफलता मिलने जा रही है। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, ओडिशा, पंजाब में तीसरे दलों को सफलता मिलेगी। चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनना तय है।
अखिलेश ने आगे कहा कि तीसरे मोर्चे में शामिल दलों में जो सबसे ज्यादा सीटें जीतेगा उसका नेता प्रधानमंत्री बनेगा। समाजवादी पार्टी ने अगर यूपी में सबसे ज्यादा सीटें जीत लीं तो नेताजी मुलायम सिंह यादव देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि उप्र में लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीटें हैं। इसीलिए हर पार्टी उप्र पर फोकस कर रही है। सभी पार्टियों की कोशिश है कि वे उप्र में ज्यादा से ज्यादा लोकसभा की सीटें जीतें। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि कोई कुछ भी कर ले, यहां किसी को सफलता नहीं मिलेगी। उत्तर प्रदेश में सपा के पक्ष में लहर है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.