झारखंड में अंतिम चरण का मतदान आज
Advertisement

झारखंड में अंतिम चरण का मतदान आज

झारखंड में गुरुवार को दुमका समेत संथाल परगना की तीन और धनबाद लोकसभा सीटों के लिए सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है।

रांची : झारखंड में गुरुवार को दुमका समेत संथाल परगना की तीन और धनबाद लोकसभा सीटों के लिए सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सुरक्षाकर्मियों और मतदान कर्मियों को उनके मतदान केन्द्र के लिए रवाना कर दिया गया है। इस चरण में मतदाता कुल 72 उम्मीदवारों में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन, झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख बाबूलाल मरांडी, भाजपा के निवर्तमान सांसद निशिकांत दूबे, झामुमो से भाजपा में आये हेमलाल मुर्मू और झाविमो के प्रदीप यादव के भाग्य का फैसला करेंगे।
तीसरे और अंतिम चरण में चौबीस अप्रैल को दुमका, राजमहल, गोड्डा और धनबाद सीटों पर झारखंड में मतदान होना है। झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीके जाजोरिया ने यहां बताया कि कल राज्य में तीसरे और राष्ट्रीय तौर पर सातवें दौर के मतदान के लिए राज्य में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं और मतदानकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को उनके नियत मतदान केन्द्रों के लिए रवाना कर दिया गया है।
इस बार सबसे रोचक दुमका का माना जा रहा है जहां राज्य के दो दिग्गज पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और शिबू सोरेन आमने सामने हैं। (एजेंसी)

Trending news