लोकसभा चुनाव 2014: एक को छोड़कर ज्यादातर एग्जिट पोल गलत रहे
Advertisement

लोकसभा चुनाव 2014: एक को छोड़कर ज्यादातर एग्जिट पोल गलत रहे

विभिन्न एजेंसियों द्वारा कराये गये एग्जिट पोल में से एक को छोड़कर ज्यादातर गलत साबित हुए। उक्त एजेंसी ने राजग के लिए 340 सीटें और भाजपा के लिए 291 सीट मिलने का अनुमान लगाकर सबको चौंका दिया था।

नई दिल्ली : विभिन्न एजेंसियों द्वारा कराये गये एग्जिट पोल में से एक को छोड़कर ज्यादातर गलत साबित हुए। उक्त एजेंसी ने राजग के लिए 340 सीटें और भाजपा के लिए 291 सीट मिलने का अनुमान लगाकर सबको चौंका दिया था। 16 वीं लोकसभा चुनावों के कल आये नतीजों में राजग 336 सीटों पर विजयी रही जबकि अकेले भाजपा को 282 सीटें मिली।
टुडे चाणक्य ने टीवी चैनल न्यूज 24 के लिए 12 मई को एग्जिट पोल किया था और उसने राजग को 340 सीट और संप्रग को करीब 70 सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया था। इस एजेंसी ने 14 सीटें कम ज्यादा होने की बात कही थी और विभिन्न एग्जिट पोल के नतीजों के बीच उसका आकलन काफी सटीक रहा। एजेंसी ने संप्रग के लिए 70 सीटों का अनुमान लगाते हुए कहा था कि इसमें से 9 सीटें कम ज्यादा हो सकती हैं। सत्ताधारी गठबंधन को 59 सीटों पर जीत हासिल हुई।
इससे पहले पिछले साल दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए इसी एजेंसी ने आम आदमी पार्टी के 30 सीटें जीतने का दावा किया था जो बाद में काफी हद तक सटीक निकला। आप को 28 सीटें मिली थी।
12 मई को अंतिम चरण का मतदान समाप्त हो जाने के बाद चाणक्य ने भाजपा के लिए 291 सीटों का आकलन किया था और अन्य के लिए 133 सीटों का आकलन किया गया था।
उधर ओआरजी द्वारा कराये गये टाइम्स नाउ के एक्जिट पोल में अनुमान लगाया गया कि राजग को 249 सीटें मिलेंगी और संप्रग को 148 सीटें दी गयी थीं। सीएनएन आईबीएन के लिए सीएसडीएस ने जो सर्वे किया, उसके मुताबिक राजग को 270 से 282 सीटों पर विजय की भविष्यवाणी गयी थी जबकि संप्रग को 92 से 102 के बीच सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। इसी एग्जिट पोल में भाजपा के अकेले 230 से 242 सीटें तथा कांग्रेस के 72 से 82 सीटें जीतने का आकलन किया गया था।
आईटीजी सिसेरो ने हेडलाइंस टुडे के लिए सर्वे किया और बताया कि राजग को 272 सीटें मिलेंगी, जिसमें 11 सीटें कम ज्यादा हो सकती हैं। संप्रग को 115 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया, जिसमें से पांच सीटें कम ज्यादा होने की बात कही गयी। अन्य के लिए 156 सीटों का अनुमान लगाया गया।
इंडिया टीवी पर सी वोटर के सर्वे में राजग को 289 सीटें दीं गयी थीं। संप्रग को 101 तथा अन्य को 153 सीटें दी गयीं। एबीपी नील्सन के सर्वे में राजग को 281 सीटें दी गयीं जबकि संप्रग को 97 सीटें । अन्य के 165 सीटों पर विजयी रहने का अनुमान लगाया गया।
ओआरजी ने उत्तर प्रदेश में भाजपा को 52 सीट जबकि चाणक्या ने 70 सीट मिलने का अनुमान जताया था । सीएसडीएस ने देश के इस सबसे बड़े राज्य में भाजपा को 45 से 53 सीटें और सी वोटर ने 54 सीटें मिलने की बात की थी।
(एजेंसी)

Trending news