मोदी ने किए 5827 कार्यक्रम, तय की 3 लाख किमी की दूरी

लोकसभा चुनावों के लिए धुआंधार प्रचार का दौर थम गया है और भाजपा के दावे के अनुसार प्रधानमंत्री पद के उसके उम्मीदवार नरेंद्र मोदी अब तक देशभर में 3 लाख किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर एक तरह का रिकार्ड बना चुके हैं और प्रचार के परंपरागत और अभिनव तौर-तरीकों के मिलेजुले स्वरूप के साथ 5827 कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं।

नई दिल्ली : लोकसभा चुनावों के लिए धुआंधार प्रचार का दौर थम गया है और भाजपा के दावे के अनुसार प्रधानमंत्री पद के उसके उम्मीदवार नरेंद्र मोदी अब तक देशभर में 3 लाख किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर एक तरह का रिकार्ड बना चुके हैं और प्रचार के परंपरागत और अभिनव तौर-तरीकों के मिलेजुले स्वरूप के साथ 5827 कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं।
भाजपा ने इसे भारत के चुनावी इतिहास का सबसे बड़ा जनसंपर्क बताया है जिसमें मोदी पिछले साल 15 सितंबर से 25 राज्यों में 437 जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं और 1350 3डी रैलियों में भाग ले चुके हैं।
मोदी के सार्वजनिक कार्यक्रमों की कुल संख्या 5827 बताई गयी है जिसमें उनके 4000 ‘चाय पे चर्चा’ कार्यक्रम भी शामिल हैं। इनमें मोदी ने देश के अनेक शहरों की जनता से वीडियो लिंक के माध्यम से चर्चा की। इसके अलावा मोदी के दो बड़े रोडशो भी गिने जा सकते हैं जो उन्होंने वड़ोदरा और वाराणसी में किये। इन दोनों सीटों से वह उम्मीदवार हैं।
भाजपा ने दावा किया है कि मोदी सीधे तौर पर 5 से 10 करोड़ लोगों तक अपनी पहुंच बना चुके हैं।
मोदी के इस अभियान की पहली रैली पिछले साल 15 सितंबर को हरियाणा के रेवाड़ी में हुई जो पूर्वसैनिकों की रैली थी। उनकी यह प्रचार यात्रा 10 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया में आयोजित रैली के साथ समाप्त हुई। बलिया में कल मतदान होगा।
मोदी ने चुनाव कार्यक्रम की तारीखों की घोषणा से पहले माहौल बनाने के लिए 21 राज्यों में 38 रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने 26 मार्च को उधमपुर में जनसभा के साथ भारत विजय रैलियों की श्रृंखला की शुरूआत की। उन्होंने 25 राज्यों में इस श्रृंखला के तहत कुल 196 रैलियां कीं और करीब 2 लाख किलोमीटर से अधिक दूरी तय की।
भाजपा ने इस प्रचार अभियान को ‘ऐतिहासिक’ तथा ‘अभूतपूर्व’ बताया है। पार्टी ने दावा किया कि मोदी का अभियान इतिहास के सबसे बड़े जन जागरण में से एक रहा है।
चुनाव में उत्तर प्रदेश के महत्व को समझते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री ने ऐसी सबसे ज्यादा रैलियां इस राज्य में कीं।
मोदी ने अपनी 3डी रैलियों के जरिये तकनीक का भी बखूबी इस्तेमाल किया जिसका पहली बार उपयोग 2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव में देखा गया था।
भाजपा के अनुसार इस प्रचार अभियान में प्रधानमंत्री पद के उसके उम्मीदवार का दिन सुबह 5 बजे शुरू हो जाता था और कई बार आधी रात के बाद तक उनकी गतिविधियां चलती रहती थीं।
मोदी ने अभियान के बीच कहा था, ‘‘मैं दौड़ रहा हूं। लोगों का प्यार मुझे दौड़ा रहा है।’’ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी आज मोदी का जिक्र करते हुए दावा किया कि भारत के चुनावी इतिहास में पहली बार एक नेता ने इतनी अधिक संख्या में लोगों को संबोधित किया।
चौहान ने अपने ट्वीट में दावा किया कि उन्होंने भारत के इतिहास में सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ इस तरह का जोश पहले कभी नहीं देखा। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.