संघ प्रमुख से मिले जोशी, BJP नेताओं का मुद्दा उठाया

वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से यहां संगठन के मुख्यालय में मुलाकात की और बताया जाता है कि उन्होंने नई सरकार में ‘‘किनारे किए गए’’ भगवा नेताओं को सम्मानजनक स्थान दिए जाने की पैरवी की।

नागपुर : वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से यहां संगठन के मुख्यालय में मुलाकात की और बताया जाता है कि उन्होंने नई सरकार में ‘‘किनारे किए गए’’ भगवा नेताओं को सम्मानजनक स्थान दिए जाने की पैरवी की।
राजग सरकार में पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री रहे जोशी के बारे में समझा जाता है कि उन्होंने भागवत के साथ मुलाकात में यह सुनिश्चित करने में संघ के हस्तक्षेप की मांग की कि यदि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व में राजग सरकार बनती है तो वरिष्ठ पार्टी नेताओं को उनका हक और सम्मान मिले।
जोशी ने उत्तर प्रदेश में अपनी वाराणसी लोकसभा सीट भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के लिए काफी नाराजगी के साथ खाली की थी और उन्होंने कानपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। जोशी के अलावा लालकृष्ण आडवाणी और जसवंत सिंह जैसे ऐसे वरिष्ठ नेताओं को ‘‘किनारे लगा’’ दिया गया जिन्होंने बात नहीं मानी।
सिंह राजस्थान के बाडमेर से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बाद वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में कूद पड़े और इस कार्रवाई के लिए पार्टी ने पिछले माह उन्हें निष्कासित कर दिया।
इसी प्रकार आडवाणी से उनकी भोपाल से चुनाव लड़ने की इच्छा के विपरीत अपनी पारंपरिक गुजरात की गांधीनगर सीट से चुनाव लड़ने को कहा गया था। भाजपा की चुनाव घोषणापत्र समिति के प्रमुख जोशी ने संघ के वरिष्ठ नेताओं और भाजपा में संगठन के नेता सुरेश सोनी की मौजूदगी में भागवत से चर्चा की। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.