रामदेव का कांग्रेस अध्‍यक्ष पर निशाना, बोले-लुटेरी बहू हैं सोनिया गांधी

बाबा रामदेव ने कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनिया गांधी एक लुटेरी बहू हैं, जो ससुराल का पैसा अपने घर ले जाने में लगी है।

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो

नई दिल्‍ली : बाबा रामदेव ने कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनिया गांधी एक लुटेरी बहू हैं, जो ससुराल का पैसा अपने घर ले जाने में लगी है।
रामदेव ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लुटेरी बहू की संज्ञा देते हुए कहा कि वह एक ऐसी विदेशी महिला हैं, जो देश में भ्रष्टाचार की जननी हैं। सोनिया ससुराल का पैसा अपने घर (इटली) ले जाने में लगी है। बीजेपी ही सोनिया के इस अभियान को रोक सकती है।
योगगुरु ने कहा कि जब कोई भ्रष्टाचार का कांड होता है, गांधी परिवार और इटली का नाम जरूर सामने आता है। विदेशी महिला को इस बार हराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वह चाहते थे कि उमा भारती रायबरेली से चुनाव लड़ें। वह अब भी उम्मीद करते हैं कि भाजपा सोनिया के खिलाफ एक मजबूत उम्मीदवार उतारेगी।
लखनऊ में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के चुनाव प्रचार कार्यक्रम में आए रामदेव ने लखनऊ को देश का शीर्ष सत्ता केंद्र बताया और कहा कि मैं देश का धन वापस अपने देश में लाने के अभियान में लगा हूं। बाबा रामदेव ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि कि नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह दोनों ही उनकी आंख के तारे हैं। उनको जिताने के लिए वह जी-जान लगा देंगे। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि इस बार भाजपा की सरकार बनेगी और कांग्रेस को इस बार लोकसभा चुनाव में 50 से भी कम सीटें मिलेंगी।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.