मिशन मंगलयान के आज 100 दिन पूरे
Advertisement

मिशन मंगलयान के आज 100 दिन पूरे

भारत के पहले अंतरग्रहीय मिशन मंगलयान के रवाना होने के आज 100 दिन पूरे हो रहे हैं। मिशन मंगलयान मंगल की ओर पूर्वयोजना के तहत बढ़ रहा है और यह सामान्य रूप से सक्रिय है।

fallback

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली: भारत के पहले अंतरग्रहीय मिशन मंगलयान के रवाना होने के आज 100 दिन पूरे हो रहे हैं। मिशन मंगलयान मंगल की ओर पूर्वयोजना के तहत बढ़ रहा है और यह सामान्य रूप से सक्रिय है।
इसरो ने कहा है कि सभी मानकों पर यान पूरी तरह स्वस्थ और तंदरूस्त है। यह यान अपने पेलोड के साथ पृथ्वी से 16 मिलियन किलोमीटर की दूरी पर है। इस दूरी पर होने के कारण यान से संचार संपर्क में एक ओर से 55 सेकंड का समय लगता है। यदि सबकुछ योजनानुसार रहा तो अगले 240 दिन में यह यान पृथ्वी से 490 मिलियन किमी दूर होगा और 24 सितंबर को इस यान को मंगल ग्रह की कक्षा में प्रवेश कराया जाएगा। 11 दिसंबर 2013 को इसका पहला कक्षा उन्नयन किया गया था और कुल छह कक्षा उन्नयन किया जा चुका है।
मंगलयान में अपना 800 किलोग्राम ईंधन है। 25 करोड़ किलोमीटर के लंबे सफर के दौरान ईंधन बचाना और मंगल के पास पहुंचने पर करीब 9 महीने से सोए पड़े उसके मुख्य इंजन को दोबारा चलाना इसरो के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसके लिए मंगलयान में 2 विशेष कंप्यूटर लगाए गए हैं। ये कंप्यूटर दिक्कत होने पर खुद-ब-खुद फैसला लेने औऱ मंगलयान का रास्ता दुरुस्त करने में सक्षम है। 30 नवंबर को पृथ्वी की कक्षा से निकलकर करीब 9 महीने का सफर तय करने के बाद मंगलयान 24 सितंबर 2014 को मंगल ग्रह की कक्षा तक पहुंच जाएगा।
मंगलयाना को पीएसएलवी-सी-25 से पांच नवंबर को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से रवाना किया गया था। यान 1680 मिलियन किमी दूरी का सफर करेगा तथा अब तक 190 मिलियन किमी की दूरी तय कर चुका है। अप्रैल, अगस्त और सितंबर में ट्रांस मार्स इंजेक्शन किया जाएगा। भारत चंद्रमा पर अपना दूसरा अंतरिक्ष यान चंद्रयान-2 वर्ष 2016 में भेजेगा।
(एजेंसी इनपुट के साथ)

Trending news