ग्लासगो CWG में बिंद्रा को गोल्ड, मलाइका गोयल को सिल्वर
Advertisement

ग्लासगो CWG में बिंद्रा को गोल्ड, मलाइका गोयल को सिल्वर

स्टार निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए आज यहां स्वर्ण पदक जीता जबकि युवा मलाइका गोयल रजत पदक जीतने में सफल रही। इस तरह से निशानेबाजों ने 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के खाते में दो पदक जोड़े।

ग्लासगो CWG में बिंद्रा को गोल्ड, मलाइका गोयल को सिल्वर

ग्लासगो : स्टार निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए आज यहां स्वर्ण पदक जीता जबकि युवा मलाइका गोयल रजत पदक जीतने में सफल रही। इस तरह से निशानेबाजों ने 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के खाते में दो पदक जोड़े।

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता 31 वर्षीय बिंद्रा ने अपनी पसंदीदा 10 मीटर एयर रायफल में खेलों के फाइनल के रिकार्ड स्कोर 205.3 के साथ सोने का तमगा हासिल किया। सोलह वर्षीय मलाइका गोयल ने भारत को निशानेबाजी में पहला पदक दिलाया। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक जीता लेकिन प्रबल दावेदार मानी जा रही हीना सिद्धू को सातवें स्थान से संतोष करना पड़ा।

निशानेबाजी में दो पदक मिलने से भारत के कुल पदकों की संख्या नौ हो गयी। उसने पहले दिन सात पदक जीते थे। भारत के नाम पर अभी तीन स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक हैं और वह इंग्लैंड (18 पदक), आस्ट्रेलिया (15) और स्काटलैंड (10) के बाद चौथे स्थान पर है। बिंद्रा का यह राष्ट्रमंडल खेलों में पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है। उन्होंने मैनचेस्टर (2002), मेलबर्न (2006) और चार साल पहले दिल्ली में युगल में स्वर्ण पदक जीते थे।

महिलाओं के वर्ग में मलाइका ने फाइनल में 197.1 का स्कोर बनाकर सीनियर वर्ग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना पहला पदक जीता। प्रतियोगिता से पहले पदक की प्रबल दावेदार हीना सिद्धू क्वालीफिकेशन में पहले स्थान पर रही लेकिन फाइनल में आठ महिलाओं के बीच वह बाहर होने वाली दूसरी निशानेबाज थी। भारतीय पुरूष हाकी टीम ने पूल ए के मैच में वेल्स की कमजोर टीम को 3-1 से हराया लेकिन इसके लिये उन्हें काफी पसीना बहाना पड़ा।

Trending news