पद्म भूषण के लिए धोनी और पद्मश्री के लिए कोहली के नाम की सिफारिश

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम की सिफारिश प्रतिष्ठित पद्म भूषण पुरस्कार के लिए की है जबकि बल्लेबाज विराट कोहली का नाम पद्मश्री पुरस्कार के लिए भेजा गया है।

पद्म भूषण के लिए धोनी और पद्मश्री के लिए कोहली के नाम की सिफारिश

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम की सिफारिश प्रतिष्ठित पद्म भूषण पुरस्कार के लिए की है जबकि बल्लेबाज विराट कोहली का नाम पद्मश्री पुरस्कार के लिए भेजा गया है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज को भी पद्मश्री के लिए नामांकित किया गया है। बीसीसीआई के सूत्र ने कहा कि हां, बोर्ड ने धोनी का नाम पद्म भूषण जबकि पद्मश्री के लिए कोहली और मिताली राज के नाम की सिफारिश की है। यह खबर उस समय आई है जब धोनी की अगुआई वाली भारतीय टीम को इंग्लैंड में मुश्किल हालात का सामना करना पड़ रहा है और टीम लगातार दो मैचों में शिकस्त के बाद पांच मैचों की श्रृंखला में 1-2 से पिछड़ रही है।

धोनी को 2009 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था और अगर भारत सरकार बीसीसीआई की सिफारिश मान लेती है तो भारतीय कप्तान देश का तीसरा सर्वोच्च सम्मान हासिल करने वाले 10वें क्रिकेटर बन जाएंगे। धोनी की अगुआई में भारत ने सीमित ओवरों के दो विश्व कप जीते जबकि भारत नंबर एक टेस्ट टीम भी बना। इसके अलावा पिछले साल भारत ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर चैम्पियन्स ट्राफी का खिताब भी जीता था।

जहां तक खराब फार्म से जूझ रहे कोहली का सवाल है तो मौजूदा इंग्लैंड दौरे से पहले दिल्ली के इस बल्लेबाज ने सभी प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन किया। वह पहले ही 134 वनडे मैचों में 5634 रन बना चुके हैं। इसके अलावा उनके नाम पर 25 अंतरराष्ट्रीय शतक भी दर्ज हैं।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.