धोनी की कप्तानी को ‘निंदनीय’ करार दिया गांगुली और द्रविड़ ने

पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने भारत की न्यूजीलैंड के हाथों शर्मनाक हार के बाद महेंद्र सिंह धोनी की टेस्ट कप्तानी की कड़ी आलोचना करते हुए उनके नेतृत्व को ‘अप्रिय’ करार दिया।

नई दिल्ली : पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने भारत की न्यूजीलैंड के हाथों शर्मनाक हार के बाद महेंद्र सिंह धोनी की टेस्ट कप्तानी की कड़ी आलोचना करते हुए उनके नेतृत्व को ‘अप्रिय’ करार दिया। भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक गांगुली ने कहा कि यदि 50 ओवरों का विश्व कप अगले साल नहीं होता तो फिर वह धोनी को कप्तानी से हटाने की मांग करते।
गांगुली ने कहा, ‘‘उसकी (धोनी की) टेस्ट कप्तानी निंदनीय है। लेकिन अब कप्तान बदलने से टीम अस्थिर हो जाएगी। टेस्ट क्रिकेट में उसका स्थान खतरे में नहीं है लेकिन धोनी को विदेशों के अपने रिकॉर्ड में सुधार करने की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यदि विश्व कप एक साल बाद नहीं होना होता तो मैं इस बात पर सहमति जताता कि धोनी को कप्तान पद से हटा देना चाहिए।’’
भारत ने न्यूजीलैंड से दो टेस्ट मैचों की सीरीज 0-1 से गंवायी जो विदेशों में उसकी लगातार चौथी हार है। भारत विदेशों में पिछले 12 टेस्ट मैचों में से दस हार चुका है जबकि बाकी दो मैच ड्रॉ रहे। धोनी की पहले दक्षिण अफ्रीका और अब न्यूजीलैंड में महत्वपूर्ण अवसरों पर रक्षात्मक रणनीति अपनाने से भारतीय कप्तान के रूप में ख्याति पर दाग लग गया है। एक अन्य पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने भी स्वीकार किया कि धोनी रक्षात्मक कप्तान है और कहा कि यदि वह विदेशों में टेस्ट मैच जीतना चाहता है तो उसे जोखिम लेने होंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है उसे (धोनी) को अपने गेंदबाजी आक्रमण पर उतना विश्वास नहीं है जितना होना चाहिए था। मैंने देखा कि यहां तक कि डरबन टेस्ट में उसने 146 ओवर तक नयी गेंद नहीं ली थी। असल में उसे नयी गेंद लेने के लिये मजबूर किया गया। उसे अपने तेज गेंदबाजों पर विश्वास नहीं है कि वह विकेट ले सके।’’ द्रविड़ ने कहा, ‘‘वह पुरानी गेंद लेकर इसलिए खेलता रहा क्योंकि वह रनों पर अंकुश लगाना चाहता था। इसलिए मुझे लगता है कि यह रक्षात्मक मानसिकता है।’’
द्रविड़ ने हालांकि इसके साथ ही कहा कि धोनी की टेस्ट कप्तानी का आकलन इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद किया जाना चाहिए जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में अगले साल फरवरी-मार्च में विश्व कप होना है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारतीय क्रिकेट के लिये इस साल विदेश के इन चार दौरों को महत्वपूर्ण मान रहा था। इनमें दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल है और फिर अगले साल ऑस्ट्रेलिया में विश्व कप होना है। यह मान लें कि धोनी भारत के वनडे कप्तान बने रहेंगे और विश्व कप में टीम की अगुवाई करेंगे। मेरा मानना है कि उन्हें इसका पूरा अधिकार है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘और मेरा मानना है कि उसे इस साल खेलने का पूरा अधिकार है तथा ऑस्ट्रेलियाई दौरे के बाद उसकी कप्तानी का आकलन किया जाना चाहिए। उस सीरीज के बाद हमें पता चल जाएगा कि भारतीय क्रिकेट तथा क्रिकेटर और कप्तान के रूप में धोनी किस मुकाम पर खड़े हैं।’’ (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.