अलविदा ग्लासगो, अब गोल्ड कोस्ट में मिलेंगे

ग्लासगो में 23 जुलाई से शुरू हुए 20वें राष्ट्रमंडल खेल चार साल बाद गोल्ड कोस्ट में मिलने के वादे के साथ रविवार को यहां समाप्त हो गये जिसमें इंग्लैंड ने 2018 के मेजबान आस्ट्रेलिया की बादशाहत को समाप्त करके सर्वाधिक पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया।

अलविदा ग्लासगो, अब गोल्ड कोस्ट में मिलेंगे

ग्लासगो : ग्लासगो में 23 जुलाई से शुरू हुए 20वें राष्ट्रमंडल खेल चार साल बाद गोल्ड कोस्ट में मिलने के वादे के साथ रविवार को यहां समाप्त हो गये जिसमें इंग्लैंड ने 2018 के मेजबान आस्ट्रेलिया की बादशाहत को समाप्त करके सर्वाधिक पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया।

मेजबान स्काटलैंड के मंत्री अलेक्स सालमंड का मानना है कि ग्लास्गो के खेल हर मायने में सफल रहे। उन्होंने कहा, ‘मैंने इन खेलों से काफी उम्मीद लगा रखी थी। मुझे शुरू से विश्वास था कि हम शानदार खेलों का आयोजन कर सकते हैं। हम इसके लिये सात साल से काम कर रहे थे। अब हम पूरे गर्व के साथ बैटन गोल्ड कोस्ट को सौंप सकते हैं।’
इंग्लैंड ने 58 स्वर्ण, 59 रजत और 57 कांस्य पदक सहित कुल 174 पदक जीते और इस तरह से वह 1986 के बाद पहली बार शीर्ष पर काबिज हुआ। आस्ट्रेलिया को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। उसने 49 स्वर्ण, 42 रजत और 46 कांस्य पदक सहित कुल 137 पदक जीते। कनाडा 31 स्वर्ण सहित 82 पदक लेकर तीसरे, मेजबान स्काटलैंड 19 स्वर्ण सहित 53 पदक लेकर चौथे स्थान पर रहा।

भारत ने 64 पदक जीते जिसमें 15 स्वर्ण शामिल हैं। इन खेलों के आखिरी दिन 11 स्वर्ण पदकों का फैसला हुआ। बारिश से प्रभावित इस दिन में आस्ट्रेलिया ने पुरूष हाकी और नेटबाल में स्वर्ण पदक जीते। आस्ट्रेलिया ने पुरूष हाकी के फाइनल में भारत को 4-0 से हराकर स्वर्ण जीता। नेटबाल में उसकी टीम न्यूजीलैंड से 58-40 से बदला चुकता करने में सफल रही जिसने चार साल पहले दिल्ली में उसे हराया था। अगले राष्ट्रमंडल खेल अब 2018 में आस्ट्रेलिया के दक्षिण पूर्वी क्वीन्सलैंड के तटीय शहर गोल्ड कोस्ट में होंगे।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.