खेल मंत्रालय ने पीटरसन के भारतीय वीजा को मंजूरी दी

विदेश मंत्रालय ने सूचित किया कि उन्हें खेल मंत्रालय से इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज केविन पीटरसन के वीजा संबंधित जरूरी मंजूरी मिल गयी है जिससे उनका भारत आने का रास्ता साफ हो गया।

नई दिल्ली : विदेश मंत्रालय ने सूचित किया कि उन्हें खेल मंत्रालय से इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज केविन पीटरसन के वीजा संबंधित जरूरी मंजूरी मिल गयी है जिससे उनका भारत आने का रास्ता साफ हो गया। विदेश मंत्रालय के अधिकारिक प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने ट्वीट किया कि ब्रिटेन में भारतीय दूतावास जल्द ही पीटरसन को वीजा प्रदान कर देगा क्योंकि उन्हें खेल मंत्रालय से जरूरी मंजूरी मिल गयी है।
अकबरूद्दीन के ट्वीट को पीटरसन ने दोबारा ट्वीट किया, अच्छी खबर। ट्विटर के उपयोग से काम हो गया। खेल मंत्रालय से आवश्यक मंजूरी मिल गयी। जल्द वीजा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू होगी। जल्द ही भारत में मिलूंगा। इससे पहले पीटरसन ने अपने ट्विटर पेज पर भारत आने के लिये वीजा हासिल करने से संबंधित मुश्किलात की जानकारी दी। उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें भारत आना है और इस काम के लिये उनका पासपोर्ट पिछले 10 दिन से ब्रिटेन में भारतीय दूतावास में पड़ा है जिसके लिये महज 24 घंटे की जरूरत होती है और साथ ही विदेश मंत्रालय से इस संबंध में मदद का आग्रह किया।
उन्होंने ट्वीट किया, मैं जरूरी काम के लिये भारत की यात्रा करने की कोशिश कर रहा हूं और भारतीय दूतावास में मेरा पासपोर्ट 10 दिन से पड़ा है जिसके लिये 24 घंटे की जरूरत होती है। भारतीय विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास मदद करो।
इसके जवाब में अकबरूद्दीन इंग्लैंड के बल्लेबाज की समस्या उत्तर दिया और केंद्रीय खेल मंत्रालय से जरूरी मंजूरी की आवश्यकता बतायी। अकबरूद्दीन ने पीटरसन को जवाब दिया, कार्यक्रम के लिये खेल मंत्रालय की मंजूरी की जरूरत है। एक बार कार्यक्रम के आयोजक जरूरी मंजूरी हासिल कर लेते हैं तो तुरंत वीजा दे दिया जायेगा।
आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली डेयरडेविल्स ने पीटरसन को इस साल बरकरार रखा है, वह छठे आईपीएल के पूरे सत्र में उपलब्ध रहेंगे। यह तभी संभव हो सका जब इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने अधिकारिक रूप से घोषणा कर दी कि पीटरसन को इंग्लैंड के लिये खेलने के लिये नहीं चुना जायेगा।
इस 33 वर्षीय ने 104 टेस्ट में 8181 रन जुटाये हैं जिसमें 23 शतक शामिल हैं। उन्होंने 136 वनडे में नौ सैकड़ों से 4440 रन बनाये हैं। पीटरसन के इस महीने के अंत में आने की संभावना है क्योंकि दिल्ली डेयरडेविल्स 2014 सत्र के लिये नयी जर्सी का अधिकारिक रूप से अनावरण करेंगे। कोच गैरी कर्स्टन के भी इस कार्यक्रम में आने की उम्मीद है। दिल्ली डेयरडेविल्स का पिछला सत्र काफी खराब रहा था और पीटरसन घुटने की सर्जरी के कारण अनुपलब्ध रहे थे। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.