रमन सिंह

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने भाजपा के पुराने चेहरे भारतीय जनसंघ से अपनी राजनीति की शुरुआत की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने भाजपा के पुराने चेहरे भारतीय जनसंघ से अपनी राजनीति की शुरुआत की। वे पहली बार मध्यप्रदेश विधान सभा के लिए 1990 में चुने गए थे। 1998 में उन्होंने दोबारा विधानसभा चुनाव जीता। 1999 में राजनांदगांव सीट से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने केंद्रीय राजनीति की ओर रुख कर लिया।
वे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री भी रहे।
2003 में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पार्टी ने उन्हीं के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। खाद्य सुरक्षा योजनाओं के चलते 2008 के चुनावों में भी रमन सिंह ने कामयाबी हासिल की। 2013 में भी पार्टी इन्हीं के नेतृत्व मे एक बार फिर मैदान में है।
फिलहल भाजपा के रमन सिंह छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री हैं जो 2003 से सत्ता संभाल रहे हैं। इस समय रमन सिंह को चुनावी अखाड़े में चुनौती देने के लिए कांग्रेस की ओर से सबसे मजबूत दावेदार चरणदास महंत हैं।
भाजपा के दुबारा सत्ता में लौटने का श्रेय बहुत हद तक रमन सिंह की साफ-सुथरी छवि को था। अब यद्यपि रमन सिंह की छवि पूर्ववत ही है लेकिन उसकी चमक कुछ फीकी पड़ गई है। जिन मुद्दों ने रमन सिंह को जिताया था, वे मुद्दे भी आकर्षण खो चुके हैं। इनमें प्रमुख हैं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत बीपीएल परिवारों को बहुत सस्ते दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना।
बीजेपी के लिए इस बार कांग्रेस कांटे की टक्कर देने को तैयार है। चुनाव में इस बार रमन सिंह का मैजिक काम कर पाएगा या नहीं कह पाना मुश्किल है। लेकिन बीजेपी की जीत अगर होती है तो उसमें भी रमन सिंह की छवि का अहम रोल होगा। चुनावी जानकार यह मानते हैं कि रमन सिंह इस बार के चुनाव में भी बीजेपी की नैया पार लगाएंगे और जीत की हैट्रिक बना सकते हैं।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.