एक्जिट पोल:एमपी,राजस्‍थान में बीजेपी की वापसी,दिल्ली पर सस्पेंस

भाजपा मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव जीतने के करीब है तो वहीं दिल्ली में त्रिशंकु विधानसभा में इसे बढ़त मिल सकती है। यह रुझान चैनलों के विभिन्न एक्जिट पोल में दिखाए गए। आम चुनावों से पहले सेमीफाइनल माने जा रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में बुधवार को राजधानी दिल्ली में मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई।

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो
नई दिल्‍ली : भाजपा मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव जीतने के करीब है तो वहीं दिल्ली में त्रिशंकु विधानसभा में इसे बढ़त मिल सकती है। यह रुझान चैनलों के विभिन्न एक्जिट पोल में दिखाए गए। आम चुनावों से पहले सेमीफाइनल माने जा रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में बुधवार को राजधानी दिल्ली में मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई। राजनीति में पहली बार उतर रहे आप को दिल्ली के 70 सदस्यीय विधानसभा में 18 सीटें मिलती प्रतीत हो रही हैं।
अनुमान के मुताबिक मध्यप्रदेश में भाजपा सत्ता पर कब्जा बनाए रख सकती है और राजस्थान में वह कांग्रेस को बेदखल कर सकती है वहीं छत्तीसगढ़ में भी वह मामूली रूप से बढ़त बनाए हुए है।
सीएसडीएस-द वीक के सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों में से भाजपा को 136 से 146 सीटें दी गई हैं जबकि छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में उसे 45 से 55 सीटें दी गई हैं। मध्य प्रदेश में विपक्षी दल कांग्रेस को 67 से 77 और छत्तीसगढ़ में 32 से 40 सीटें मिल सकती हैं।
‘टुडेज चाणक्या’ ने मध्य प्रदेश में भाजपा को स्पष्ट बहुमत यानी 161 सीटें दी हैं वहीं छत्तीसगढ़ में इसे 51 और राजस्थान में 147 सीटें दी हैं। इसने मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सिर्फ 62 सीट, छत्तीसगढ़ में 39 और राजस्थान में महज 39 सीट दी है।
टाइम्स नाउ-सी-वोटर ने सभी तीनों बड़े राज्यों में भाजपा को बढ़त दिलाई है। इसके मुताबिक मध्यप्रदेश में भाजपा को 128, छत्तीसगढ़ में 44 और 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा में 130 सीटें मिलेंगी। सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 92, छत्तीसगढ़ में 41 और राजस्थान में केवल 48 सीटें दी गई हैं।
दिल्ली में सर्वेक्षण में त्रिशंकु विधानसभा का अनुमान जताया गया है जहां भाजपा को 31, कांग्रेस को 24 और आप को 11 सीटें मिलने का अनुमान है।
गौर हो कि दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव के लिए बुधवार को तकरीबन 66 फीसदी मतदान दर्ज किया गया और मतदान शांतिपूर्ण रहा। बुधवार को कुछ एक्जिट पोल के अनुसार, इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के ऊपर बढ़त मिलती नजर आ रही है।
सी-वोटर के एक्जिट पोल के नतीजों के अनुसार बीजेपी को 29 सीटें मिल सकती हैं, कांग्रेस को 21, आम आदमी पार्टी (आप) को 16 और अन्‍य को चार सीटें मिल सकती हैं।
एबीपी न्‍यूज-नीलसन सर्वे के अनुसार, दिल्‍ली में बीजेपी को 32 सीटें मिलने की उम्‍मीद है, कांग्रेस को 18 और आम आदमी पार्टी को 18 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, अन्‍य दलों की झोली में दो सीटें जा सकती हैं।
टाइम्‍स नाऊ और सी वोटर के सर्वे के अनुसार, कांग्रेस को इस चुनाव में 21 सीटें, बीजेपी को 29 और आम आदमी पार्टी को 16 तथा अन्‍य दलों को चार सीटें मिलने का अनुमान है।
इंडिया टुडे और ओआरजी के सर्वे के अनुसार, बीजेपी को इस चुनाव में अच्‍छी बढ़त मिलने का अनुमान है। सर्वे के नतीजों के अनुसार, कांग्रेस को 21 सीटें, बीजेपी को 41, केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को 6 और अन्‍य को 3 सीटें मिल सकती हैं।
गौर हो कि दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान बुधवार शाम पांच बजे संपन्‍ना हो गया। पोलिंग आज सुबह आठ बजे 70 सीटों पर शुरू हुई थी। इस चुनाव में 810 उम्‍मीदवार अपनी किस्‍मत आजमा रहे हैं। 11.9 मिलियन से अधिक वोटर इन उम्‍मीदवारों की किस्‍मत का फैसला करेंगे। मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.