हार से ही खुलता है जीत का रास्ता : मुलायम

लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद उत्तर प्रदेश में अगले महीने कुछ सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने आज कहा कि राजनीति में हार-जीत हुआ करती है और हार से ही जीत का रास्ता खुलता है।

हार से ही खुलता है जीत का रास्ता : मुलायम

लखनऊ : लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद उत्तर प्रदेश में अगले महीने कुछ सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने आज कहा कि राजनीति में हार-जीत हुआ करती है और हार से ही जीत का रास्ता खुलता है।

यादव ने पार्टी राज्य मुख्यालय पर आयोजित सपा प्रबुद्ध सभा के पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सत्ता बड़ी नहीं होती, बल्कि सिद्धान्त और विचारधारा बड़ी होती है। सपा ने कभी उसूलों से समझौता नहीं किया। बड़ी बातें करने वाले नहीं बल्कि बड़ा काम करने वाले लोग बड़े होते हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि राजनीति में हार-जीत होती रहती है, लेकिन हार से ही जीत का रास्ता खुलता है। उन्होंने सपा प्रबुद्ध सभा के लोगों का आहवान किया कि वह विधानसभा उपचुनाव में पार्टी तथा सरकार की योजनाओं, नीतियों तथा रीतियों को मजबूती से जन-जन तक पहुंचाएं।

प्रबुद्ध सभा के अध्यक्ष और राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने इस मौके पर कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देश में किसी भी मुख्यमंत्री से ज्यादा जनहित की योजनाएं लागू करवायी हैं। शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।

उन्होंने भाजपा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि एक पार्टी केवल झूठ के सहारे सत्ता तक पहुंच गयी। प्रबुद्ध समाज इनकी पोल खोलेगा। कार्यकर्ता हर चौराहे पर चौपाल लगाकर उनके चेहरे को बेनकाब करेंगे।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.