जन लोकपाल पर दिल्ली कैबिनेट का फैसला गैरकानूनी, नहीं करेंगे समर्थन : लवली

दिल्ली कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि जन लोकपाल विधेयक पर दिल्ली कैबिनेट का फैसला गैरकानूनी है और वह दिल्ली सरकार के इस कदम का समर्थन नहीं करेगी। प्रदेश कांग्रेस ने हालांकि कहा कि वह एक मजबूत लोकपाल के पक्ष में है।

ज़ी मीडिया ब्यूरो/आलोक कुमार राव
नई दिल्ली : दिल्ली कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि जन लोकपाल विधेयक पर दिल्ली कैबिनेट का फैसला गैरकानूनी है और वह दिल्ली सरकार के इस कदम का समर्थन नहीं करेगी। प्रदेश कांग्रेस ने हालांकि कहा कि वह एक मजबूत लोकपाल के पक्ष में है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस एक मजबूत लोकपाल के पक्ष में है लेकिन दिल्ली कैबिनेट ने जिस तरीके से जन लोकपाल विधेयक पारित किया है, वह संविधान के खिलाफ है। कांग्रेस पार्टी संविधान के खिलाफ किए गए इस कार्य का समर्थन नहीं करेगी।
लवली ने कहा कि कांग्रेस की मंशा संविधान के खिलाफ कार्य करने की नहीं है।
लवली के इस बयान के बाद `आप` पार्टी और कांग्रेस के बीच तल्खी बढ़नी लाजिमी है। दिल्ली कैबिनेट ने सोमवार को जन लोकपाल विधेयक को मंजूरी दी। इस विधेयक के दायरे में चपरासी से लेकर मुख्यमंत्री को रखा गया है और विधेयक में आम और खास सभी लोगों के लिए एक जैसे प्रावधान रखे गए हैं। किसी को भी विशेषाधिकार नहीं दिया गया है।
दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार इस विधेयक को पारित कराने के लिए 13 से 16 फरवरी तक विधान सभा के विशेष सत्र का आयोजन किया है। इसके लिए केजरीवाल सरकार ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी आफ इंडिया (एसएआई) से इंदिरा गांधी स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग की थी लेकिन एसएआई ने यह कहते हुए केजरीवाल सरकार की मांग खारिज कर दी है कि उक्त समय के लिए स्टेडियम खाली नहीं है। स्टेडियम पहले ही बुक हो चुका है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.