फैजाबाद कांड: मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने फैजाबाद में गत शनिवार को एक लड़की की कथित रूप से बलात्कार के बाद हत्या के मामले के दोषी लोगों तथा इस मामले को लेकर अफवाहें फैला रहे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने फैजाबाद में गत शनिवार को एक लड़की की कथित रूप से बलात्कार के बाद हत्या के मामले के दोषी लोगों तथा इस मामले को लेकर अफवाहें फैला रहे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को ‘ट्विटर’ पर लिखा कि अधिकारियों को फैजाबाद में हुई वारदात के दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही पीड़ित परिवार को भी हर सम्भव मदद करने को कहा गया है।

उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिये हैं कि वह फैजाबाद की घटना को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैला रहे तत्वों से भी सख्ती से निपटे। गौरतलब है कि फैजाबाद जिले के अमानगंज में गत शनिवार को एक लड़की को अगवा करके कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार के बाद उसकी हत्या किये जाने को लेकर तनाव फैल गया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी और मकतूला के अलग-अलग समुदायों से ताल्लुक रखने के कारण घटना ने साम्प्रदायिक रंग ले लिया था। वारदात के विरोध में स्थानीय लोगों ने राजमार्ग जाम कर दिया था और दुकानें बंद की गयी थीं। तनाव के मद्देनजर इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।

सूत्रों ने बताया कि करीब 17 वर्षीय लड़की गत शनिवार की शाम को बाजार से कुछ खरीदने गयी थी, तभी कुछ लोगों ने उसे अगवा कर लिया। वह देर रात पड़ोसी जिले बाराबंकी में सड़क के किनारे मरणासन्न हालत में पड़ी पायी गयी थी। उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले जाया गया था, जहां उसकी मृत्यु हो गयी थी।

लड़की ने मरने से पहले पुलिस को दिये गये बयान में आरोप लगाया था कि उसका अपहरण करके उससे सामूहिक बलात्कार किया गया था। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.