हुड्डा को इस्तीफे की पेशकश करनी चाहिए: शैलजा
Advertisement

हुड्डा को इस्तीफे की पेशकश करनी चाहिए: शैलजा

कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने सोमवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की उदारता का लाभ उठाने वाले हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इस्तीफे की पेशकश करनी चाहिए, क्योंकि लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन खराब रहा।

नई दिल्ली : कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने सोमवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की उदारता का लाभ उठाने वाले हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इस्तीफे की पेशकश करनी चाहिए, क्योंकि लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन खराब रहा।
शैलजा ने एक समाचार चैनल से कहा कि बहुत कुछ बदलने की जरूरत है। पिछले कुछ वर्षों में राज्य में बहुत कुछ गलत हुआ है। इसलिए परिणाम निराशाजनक रहा। सचमुच, हमने सोचा नहीं था किराज्य में हमारा इतना बुरा हाल होगा। कुछ गलत होता रहा है। इसलिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मामले की पूर्व मंत्री ने कहा कि हार की राज्य स्तर पर आत्मपरीक्षण होना चाहिए। मुख्यमंत्री हुड्डा को निश्चित रूप से इस्तीफे की पेशकश करनी चाहिए और लोगों को यह दिखाना चाहिए कि उन्होंने जवाबदेही अपने ऊपर ली है। हरियाणा में हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस को 10 सीटों में से मात्र एक सीट मिली, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सात सीटें मिलीं।
हुड्डा की कथित सत्तावादी कार्यशैली के बारे में पूछे जाने पर शैलजा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद से अलग विचारों को प्रोत्साहन नहीं दिया, हालांकि सोनिया गांधी ने उन्हें अनुशासित करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि सोनिया एक मुद्दे पर लोकतंत्रवादी हैं क्योंकि उन्होंने खुद को नहीं, लोगों को महत्व दिया। यह पूछे जाने पर कि क्या हुड्डा ने सोनिया की उदारता का लाभ उठाया, शैलजा ने कहा कि साफ तौर पर। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि हरियाणा में कुछ ही महीने बाद विधानसभा चुनाव होना है। इसलिए नेतृत्व में परिवर्तन किया जाना मुश्किल है।
शैलजा ने कहा कि मैं नहीं जानती असरदार बदलाव क्या लाया जा सकता है, लेकिन हुड्डा को सामने आना चाहिए और कार्यकर्ताओं से बात करनी चाहिए। (एजेंसी)

Trending news