बिहार विस उपचुनाव मिलकर लड़ेंगे जदयू, राजद एवं कांग्रेस
Advertisement

बिहार विस उपचुनाव मिलकर लड़ेंगे जदयू, राजद एवं कांग्रेस

बिहार विस उपचुनाव मिलकर लड़ेंगे जदयू, राजद एवं कांग्रेस

ज़ी मीडिया ब्यूरो

पटना : लंबे समय से मोदी फोबिया में जी रहे नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदूय), मोदी और भाजपा के धुर विरोधी लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पार्टी ने अगले महीने 10 सीटों पर होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव में साथ मिलकर लड़ने को सहमत हो गए हैं।

माना जा रहा है कि इसकी आधिकारिक घोषणा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 30 जुलाई को मुम्बई से पटना लौटने के बाद की जाएगी। संभवत: तभी यह भी फैसला होगा कि कौन दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

राबड़ी देवी के निवास 10, सर्कुलर रोड से बाहर निकलते हुए राजद नेता प्रभुनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि उपचुनाव के लिए गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया गया है और नीतीश कुमार के पटना लौटने के बाद उसकी घोषणा की जाएगी। नीतीश कुमार कल निजी यात्रा पर मुम्बई गए हैं और वह 30 जुलाई को लौटेंगे।

बिहार के मंत्री श्याम रजक और जदयू विधायक विनोद सिंह सीटों के बंटवारे पर बातचीत करने के लिए आज राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद से मिलने गए थे। राजद विधायक दल के नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी और वरिष्ठ नेता प्रभुनाथ सिंह भी इस अवसर पर मौजूद थे।

श्याम रजक का कहना था कि उनका लालू प्रसाद के निवास पर आना आज शाम राजद नेता द्वारा दी जाने वाली इफ्तार पार्टी के सिलसिले में था। हालांकि उन्होंने संवाददाताओं से यह भी कहा कि गठबंधन को पहले ही अंतिम रूप से दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘हम साथ मिलकर उपचुनाव लड़ेंगे और सभी 10 सीटें जीतेंगे।’ प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी प्रेमचंद मिश्रा ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए उनकी पार्टी जदयू और राजद के साथ मिलकर उपचुनाव लड़ने के पक्ष में है।

विधायकों के लोकसभा के लिए चुने जाने और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद ये सीटें रिक्त हुई थी। इस उपचुनाव को अगले साल के विधानसभा चुनाव के लिए सेमीफाइनल समझ जा रहा है। अगले महीने 21 अगस्त को होने वाले विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना शनिवार को जारी की गयी।

Trending news