प्रिंस चार्ल्स पत्नी कैमिला पार्कर के साथ पहुंचे उत्तराखंड
Advertisement

प्रिंस चार्ल्स पत्नी कैमिला पार्कर के साथ पहुंचे उत्तराखंड

‘प्रिन्स आफ वेल्स’ प्रिंस चार्ल्स और उनकी पत्नी ‘डचेज आफ कार्नवाल’ कैमिला पार्कर अब तक के अपने सबसे लंबे नौ दिवसीय भारतीय दौरे के तहत आज शाम यहां पहुंचे।

देहरादून : ‘प्रिन्स आफ वेल्स’ प्रिंस चार्ल्स और उनकी पत्नी ‘डचेज आफ कार्नवाल’ कैमिला पार्कर अब तक के अपने सबसे लंबे नौ दिवसीय भारतीय दौरे के तहत आज शाम यहां पहुंचे। प्रिंस चार्ल्स और उनकी पत्नी आज शाम करीब सवा चार बजे विशेष विमान से यहां जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचे जहां उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी अगवानी की।
हवाई अड्डे से शाही दंपति सड़क मार्ग से दो बुलेटप्रूफ कारों सहित 15 वाहनों के काफिले के साथ ऋषिकेश के समीप मुनि की रेती स्थित नोका घाट पर पहुंचे। वहां से पांच मिनट की जलयात्रा कर प्रिंस और उनकी पत्नी लक्ष्मण झूला क्षेत्र में स्थित गीता भवन के घाट पर उतरे। वहां से 50-60 मीटर पैदल चलकर वे परमार्थ निकेतन घाट पर पहुंचे जहां अस्थाई रूप से बनाये गये विश्राम गृह में 15 मिनट गुजारने के बाद पर्यावरण संरक्षण तथा विश्व शांति हेतु हुए महायज्ञ में आहुति दी। इस दौरान कैमिला पार्कर ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया।
वहीं प्रिंस चार्ल्स ने इस अवसर पर कहा कि प्रकृति के साथ संबंध निभाने में यहां के लोगों को गहरी समझ है तथा गंगा आरती की शानदार शाम के यागदार लमहों को वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने सभी मौजूद लोगों को शुभकामनायें देते हुए कहा कि सभी की मंगलकामनाओं के कारण उन्हें यहां आने का मौका मिला।
प्रिंस चार्ल्स ने प्रज्जवलित दीपों के साथ गंगा की आरती की। इससे पहले, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि ने शाही जोड़े का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा यादगार के रूप में उन्हें एक रूद्राक्ष का पौधा भी भेंट किया।
आरती में भाग लेने के बाद प्रिंस और उनकी पत्नी टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में स्थित होटल में रात्रि विश्राम के लिये पहुंचे। कल शाही दंपति का राजधानी देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी, वन अनुसंधान संस्थान और दून स्कूल में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। कल शाम प्रिंस और उनकी पत्नी वापस नरेंद्र नगर जायेंगे जहां मुख्यमंत्री बहुगुणा उनके स्वागत में रात्रिभोज देंगे।
शाही दंपति के साथ उनका अपना एस्कार्ट भी आया है लेकिन उनकी सुरक्षा के लिये राज्य पुलिस के 20 राजपत्रित अधिकारी, 24 इंस्पेक्टर एवं थानाध्यक्ष सहित 116 दरोगा और 600 जवान तैनात किये गये हैं। इसके अलावा पीएसी की पांच कंपनियां भी शाही दंपति की सुरक्षा में तैनात हैं। (एजेंसी)

Trending news