मालिन भूस्खलन हादसा : मृतकों की संख्या बढ़कर 82 तक पहुंची
Advertisement

मालिन भूस्खलन हादसा : मृतकों की संख्या बढ़कर 82 तक पहुंची

महाराष्ट्र के पुणे जिले के मालिन गांव में भूस्खलन की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 82 तक पहुंच गई है, जबकि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवान लगातार अपना अभियान जारी रखे हुए हैं।

मालिन भूस्खलन हादसा : मृतकों की संख्या बढ़कर 82 तक पहुंची

पुणे : महाराष्ट्र के पुणे जिले के मालिन गांव में भूस्खलन की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 82 तक पहुंच गई है, जबकि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवान लगातार अपना अभियान जारी रखे हुए हैं। एनडीआरएफ जवान अब उन शवों को निकालने में जुटे हुए हैं जो पिछले चार दिन से मलबे में दबे हुए हैं।

जिला नियंत्रण कक्ष के मुताबिक, अब तक मिले शवों में 30 पुरूष, 41 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं जबकि एक शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है। खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के कारण जेसीबी, कटर और डंपर जैसी मशीनें बड़ी धीमी गति से चल रही हैं। इसके अलावा, तेजी से क्षत-विक्षत हो रहे शवों की बदबू की वजह से भी एनडीआरएफ जवानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

बीते 30 जुलाई को हुए इस हादसे में गांव के 44 मकान दब गए। इस हादसे में मृतकों की संख्या का शुरूआती अनुमान 160 व्यक्त किया गया था, जिनमें से 82 शव बरामद किए जा चुके हैं।

रूद्र नाम के तीन महीने के एक शिशु सहित आठ लोगों को जीवित बाहर निकाला गया है। चमत्कारिक रूप से रूद्र के साथ-साथ उसकी मां की जान भी बच गई। महाराष्ट्र सरकार ने पीड़ितों के परिवार को पांच-पांच लाख रूपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है और कहा है कि उन परिवारों का संपूर्ण पुनर्वास किया जाएगा।

राज्य के राहत एवं पुनर्वास मंत्री पतंगराव कदम ने पहले कहा था कि खराब मौसम के मद्देनजर शवों को बाहर निकालने के काम में और दो दिन का वक्त लग सकता है।

Trending news