श्रीलंका ने तमिलनाडु के 20 मछुआरों को किया गिरफ्तार
Advertisement

श्रीलंका ने तमिलनाडु के 20 मछुआरों को किया गिरफ्तार

श्रीलंकाई नौसेना ने आज कच्चातिवु के निकट मछली पकड़ रहे तमिलनाडु के 20 मछुआरों को गिरफ्तार किया।

रामेश्वरम : श्रीलंकाई नौसेना ने आज कच्चातिवु के निकट मछली पकड़ रहे तमिलनाडु के 20 मछुआरों को गिरफ्तार किया।

मत्स्य पालन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्रीलंकाई नौसेना ने इन मछुआरों को आईएमबीएल (अंतरराष्ट्रीय नौवहन सीमा रेखा) पार करने के आरोप में गिरफ्तार किया।

सभी गिरफ्तार मछुआरों को उनकी नौका सहित तलईमन्नार ले जाया गया। गश्ती नौका पर सवार नौसेना के कर्मी उनके मछली पकड़ने के जाल को भी काट कर साथ ले गए।

पुलिस ने बताया कि नौसेना ने 29 जून को कच्चातिवु के पास मछली पकड़ रहे 17 मछुआरों को उनकी नौका सहित गिरफ्तार किया था। मछुआरों की गिरफ्तारी की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर मुख्यमंत्री जयललिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था। वे मछुआरों की तुरंत रिहाई चाहती हैं।

जयललिता ने वर्ष 1974 और 1976 के असंवैधानिक भारत-श्रीलंका करार को निरस्त करने की अपनी मांग दोहराई और भारतीय मछुआरों के पारंपरागत अधिकारों की पुनर्बहाली के लिए कदम उठाए जाने की मांग रखी।

तमिलनाडु के मछुआरों के मछली पकड़ने के अधिकारों की सुरक्षा के लिए उन्होंने श्रीलंका को सौंपे गए कच्चातिवु द्वीप को वापस लिए जाने की भी मांग रखी।

 

Trending news