26 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव आज

नेल्लोर लोकसभा सीट और आठ राज्यों की 26 विधानसभा सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव होने हैं। इन 26 सीटों में आंध्र प्रदेश की 18 सीटों पर कांग्रेस और जगन मोहन रेड्डी की वाई एस आर कांग्रेस के बीच दिलचस्प लड़ाई है। कल होने वाले इन उपचुनावों के नतीजे 15 जून को आएंगे।

हैदराबाद/रांची : नेल्लोर लोकसभा सीट और आठ राज्यों की 26 विधानसभा सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव होने हैं। इन 26 सीटों में आंध्र प्रदेश की 18 सीटों पर कांग्रेस और जगन मोहन रेड्डी की वाई एस आर कांग्रेस के बीच दिलचस्प लड़ाई है। कल होने वाले इन उपचुनावों के नतीजे 15 जून को आएंगे।
आंध्र प्रदेश में 2014 में होने वाले विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल माने जा रहे इन उपचुनावों में दिवंगत मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी के बेटे जगनमोहन रेड्डी की लोकप्रियता की परीक्षा होनी है। उनकी पार्टी सभी 18 सीटों पर मैदान में है।
वाईएस कांग्रेस के लिये यह उपचुनाव अहम इसलिये भी हैं क्योंकि उसने इन सीटों पर पहले जीत कर आये 17 विधायकों को टिकट दिये हैं। कांग्रेस पार्टी छोड़ने पर अयोग्य करार दिये गये इन विधायकों की जीत कांग्रेस की लिये बड़ा खतरा हो सकती है। राज्य में कांग्रेस के पास सत्ता में बने रहने के लिये मामूली बहुमत है। राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 151 विधायकों का समर्थन है जोकि 148 के जादुई आंकड़े के मुकाबले बहुत बड़ा नहीं है। आंध्र प्रदेश में जिन 18 सीटों पर उपचुनाव होना है उनमें से एक सीट ही तेलंगाना इलाके में है।
आंध्र की 18 सीटों के अलावा मध्यप्रदेश की माहेश्वर (सु) , त्रिपुरा की नलचर (सु), पश्चिम बांगल की दासुपर और बंकुरा, उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मांट, तमिलनाडु की पुडुक्कोट्टई, महाराष्ट्र की कैज और झारखंड की हटिया विधानसभा सीट पर भी कल उप चुनाव होने हैं। हटिया में केंद्रीय पर्यटन मंत्री सुबोध कांत सहाय के भाई सुनील कुमार सहाय चुनावी मैदान में हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.