संजय जोशी की वापसी को भाजपा पर बढ़ा दबाव
Advertisement

संजय जोशी की वापसी को भाजपा पर बढ़ा दबाव

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के दबाव में जबरन भाजपा से अलग किए गए पूर्व संगठन महामंत्री संजय जोशी को पार्टी के अंदर और बाहर से समर्थन मिलना फिर से शुरू हो गया है।

नई दिल्ली : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के दबाव में जबरन भाजपा से अलग किए गए पूर्व संगठन महामंत्री संजय जोशी को पार्टी के अंदर और बाहर से समर्थन मिलना फिर से शुरू हो गया है। विश्व हिन्दू परिषद ने जहां खुले तौर पर जोशी की वापसी की मांग की वहीं भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने संकेतों में उन्हें पार्टी में वापस लाए जाने की वकालत की।
विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने शनिवार को कोलकाता में कहा कि भाजपा को चाहिए कि संजय जोशी को पार्टी में वापस लेने की कोशिश करे। जोशी ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मतभेदों के कारण पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। जोशी के शुक्रवार को पार्टी से बाहर होने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए तोगड़िया ने कहा कि भाजपा ने एक समर्पित नेता खो दिया है और इसलिए पार्टी को चाहिए कि वह उन्हें वापस लाने की कोशिश करे।
राजनाथ सिंह ने गुड़गांव में कहा कि पार्टी ने यदि सत्ता के लालच में सिद्धांतों से समझौता किया तो उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। राजनाथ ने यहां संवाददाताओं से कहा, `हमारी राजनीति सिद्धांतों पर आधारित होनी चाहिए। किसी भी कीमत पर सत्ता पा लेना गैर सैद्धांतिक राजनीति है।` वरिष्ठ भाजपा नेता ने स्वयं को आरएसएस का सदस्य बताया।
ज्ञात हो कि जोशी को जब भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर किया गया था तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित कई संगठनों ने लेखों और पोस्टरों के जरिए जोशी का समर्थन किया था और मोदी को खरी-खरी सुनाई थी। (एजेंसी)

Trending news