नित्यानंद ने सरेंडर किया, जेल भेजे गए
Advertisement

नित्यानंद ने सरेंडर किया, जेल भेजे गए

ताजा आपराधिक मामले में गिरफ्तारी का सामना कर रहे विवादास्पद स्वयंभू बाबा नित्यानंद ने यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर रामनगर में एक अदालत में आज आत्मसमर्पण कर दिया और उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

बेंगलूर : ताजा आपराधिक मामले में गिरफ्तारी का सामना कर रहे विवादास्पद स्वयंभू बाबा नित्यानंद ने यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर रामनगर में एक अदालत में आज आत्मसमर्पण कर दिया और उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। नित्यानंद आज न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अचानक पेश हुए जिससे पुलिस भौंचक्की रह गयी जो उसे ढूढ़ने में जुटी थी।
बलात्कार समेत आपराधिक आरोपों को पहले से ही झेल रहे और वर्ष 2010 में गिरफ्तारी के बाद से जमानत पर चल रहे नित्यानंद ने तब एक नयी समस्या खड़ी कर दी थी जब पुलिस ने उसके और उसके समर्थकों के खिलाफ यहां बिदादी में उसके आश्रम में संवाददाता सम्मेलन के दौरान मीडियाकर्मियों पर कथित रूप से हमला करने का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से यह पता नहीं चल रहा था कि नित्यानंद कहा था।
मजिस्ट्रेट कोमल ने पुलिस हिरासत का आदेश दिया जिसके बाद नित्यानंद को पुलिस वाहन में ले जाया गया। इस दौरान वहां एकत्र भीड़ ने उसके साथ धक्कम मुक्की की।
रामनगर के पुलिस अधीक्षक अनुपम अग्रवाल ने बताया कि नित्यानंद ने जमानत याचिका दायर की है और पुलिस कल उसकी सुनवाई के लिए उसे अदालत में पेश करेगी।
नित्यानंद का आत्मसमर्पण ऐसे समय में हुआ है जब महज कुछ घंटे पहले उसके आश्रम ने घोषणा की थी कि वह कल लौटेंगे और नियमित गतिविधियां बहाल करेंगे। कर्नाटक उच्च न्यायालय उसके खिलाफ दर्ज 15 जून को दर्ज ताजा प्राथमिकी खारिज करने की मांग करने वाली उसकी याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी है। आठ जून को संवाददाता सम्मेलन उस पृष्ठभूमि में आयोजित किया गया था जिसमें अमेरिका की एक महिला ने नित्यानंद पर पांच साल पहले उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। इस आरोप से जनता भड़क गयी थी और कन्नड़ संगठनों ने प्रदर्शन किया था।
नित्यानंद द्वारा अपने आश्रम में आपत्तिजनक गतिविधियां करने को लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई की विभिन्न वर्गों की मांग के दबाव में आकर मुख्यमंत्री डी वी सदानंद गौड़ा ने सोमवार को कहा था कि वह दो दिनों में गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने उसके खिलाफ तलाशी वारंट जारी किया था और अधिकारियों और पुलिस के उच्च स्तरीय दल ने उसके आश्रम पर आज दूसरे दिन भी तलाशी जारी रखी।सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आश्रम की गतिविधियों पर वहां के कर्मचारियों से कुछ सूचनाएं जुटाई है।
कर्नाटक के गृहमंत्री आर अशोक ने कहा है कि आश्रम के खिलाफ मामले मौजूदा तलाशी अभियान के दौरान जब्त सामग्री के आधार पर दायर किये जाएंगे। उन्होनें कहा कि सरकार ने नित्यानंद के आश्रम की कथित आपत्तिजनक गतिविधियों और उसके द्वारा भूमि उल्लंघन की जांच के लिए संभागीय आयुक्त की अगुवाई में एक समिति बनाई है। पैनल यथाशीघ्र रिपोर्ट देगा।
वर्ष 2010 में टीवी चैनलों ने एक तमिल अभिनेत्री के साथ नित्यानंद के आपत्तिजनक दशा में होने का एक वीडियो प्रसारित किया था जिसके दो माह बाद अप्रैल, 2010 में उसे हिमाचल प्रदेश में गिरफ्तार किया गया था।
हाल में जब उसे 1500 साल पुराने एक शैव मठ का कनिष्ठ प्रमुख बनाया गया तब भी विवाद फैला था। अन्य मठों और श्रद्धालुओं ने उसका विरोध किया था और उक्त मठ को सरकार द्वारा नियंत्रण में लिये जाने की मांग की थी।
रामनगर के उपायुक्त श्रीराम रेड्डी ने बताया कि तलाशी अभियान अगले दो दिनों के लिए जारी रहेगा। 100 से अधिक कमरों में से 15 सील कर दिए गए हैं जिनमें कंप्यूटर हैं। (एजेंसी)

Trending news