लिंग परीक्षण: आरोपी डॉक्टर को हिरासत
Advertisement

लिंग परीक्षण: आरोपी डॉक्टर को हिरासत

जलगांव में लिंग परीक्षण करने के आरोपी एक डॉक्टर को 25 जून तक पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया है। डॉक्टर को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।

बीड: जलगांव में लिंग परीक्षण करने के आरोपी एक डॉक्टर को 25 जून तक पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया है। डॉक्टर को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि जलगांव के डॉ राहुल कोल्हे की पारली के डॉ सुदाम मुंडे के साथ कथित तौर पर सांठगांठ थी। डॉ मुंडे गर्भवती महिला मरीजों को अपने कंपाउंडर अनिल मुंडे के माध्यम से गर्भस्थ शिशु के लिंग परीक्षण के लिए डॉ कोल्हे के पास भेजता था।
अम्बेजोगई तहसील की संभागीय पुलिस अधिकारी स्वाति भोर और अन्य अधिकारी शुक्रवार को जलगांव जिले में गए और कोल्हे के अस्पताल की तलाशी ली। रजिस्टर में पुलिस ने उन गर्भवती महिलाओं का रिकार्ड पाया जिन्हें डॉ मुंडे ने उसके पास भेजा था।
भोर ने बताया कि पुलिस ने कोल्हे और अनिल मुंडे को गिरफ्तार कर उन्हें शनिवार की शाम पारली अदालत में पेश किया। न्यायाधीश डी पी खंडेलवाल ने उन्हें 25 जून तक के लिए पुलिस की हिरासत में भेज दिया।
पारली के पुलिस उप निरीक्षक सुदर्शन वाघमरे ने बताया कि वर्ष 2011 में एक कार्यकर्ता वर्षा देशपांडे ने कोल्हे के अस्पताल में स्टिंग ऑपरेशन किया था और स्वास्थ्य मंत्रालय ने उसकी सोनोग्राफी मशीन सील कर दी थी। इसके बावजूद वह लिंग परीक्षण करता था।
पिछले माह गर्भपात के दौरान विजयमाला पाटेकर नामक महिला की मौत हो गई थी। उसका गर्भपात सुदाम मुंडे और उसकी पत्नी ने कराया था।
विजयमाला के भ्रूण का लिंग परीक्षण भी कोल्हे के जलगांव स्थित अस्पताल में किया गया था। इस बीच, 15 जून को बंबई उच्च न्यायालय की औरंगाबाद पीठ ने मुंडे दंपती की याचिका खारिज कर अम्बेजोगोई के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के उस फैसले की पुष्टि की जिसमें पिछले साल पीसीपीएनडीटी कानून के तहत दर्ज मामले में उनकी जमानत रद्द कर दी गई थी। विजयमाला मामले में डॉक्टर दंपती को जमानत मिल चुकी है जिसके बाद से दोनों फरार हैं। (एजेंसी)

Trending news