आधे दाम में हवाई टिकट! 
एयर इंडिया ने आज संकेत दिया कि वह हवाई यात्रियों को आकर्षित करने के लिए किराए में कमी करने की होड़ में शामिल हो सकती है। जेट एयरवेज की साल के अंत तक 2,250 रुपए में 20 लाख सीटें उपलब्ध कराने की पेशकश के बाद अन्य प्रमुख निजी विमानन कंपनियां किराए कम करने की होड़ में शामिल हो गयी हैं। हालांकि सरकार को इस बात की उम्मीद नहीं थी कि किराए में कमी विमानन नियामक डीजीसीए द्वारा तय न्यूनतम किराया स्तर से भी नीचे चला जाएगा। एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रोहित नंदन ने यहां कहा, ‘हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं। जैसी स्थिति होगी एयर इंडिया उसके हिसाब से कदम उठाएगी।’ बजट एयरलाइन स्पाइसजेट, गोएयर और इंडिगो किराया घटाने की होड़ में शामिल हो गयी हैं। वे जेट एयरवेज द्वारा कल हवाई किराया घटाने की घोषणा के बाद से कम किराए की पेशकश कर रही हैं। जेट एयरवेज ने इस साल के अंत तक घरेलू हवाई यात्रा के लिए कम किराए पर 20 लाख सीटें उपलब्ध कराने की पेशकश की है।