भज्जी, युवी, जहीर टीम से बाहर 
इंग्लैंड के हाथों लगातार दो टेस्ट में शिकस्त के बाद भारतीय क्रिकेट चयनकर्ताओं ने अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान और बल्लेबाज युवराज सिंह को गुरुवार से नागपुर में शुरू हो रहे चौथे और अंतिम टेस्ट की टीम से बाहर कर दिया। कोलकाता में तीसरे टेस्ट में नहीं खेलने वाले आफ स्पिनर हरभजन सिंह को भी टीम में जगह नहीं मिली है। टीम ने इनकी जगह लेग स्पिनर पीयूष चावला के अलावा दिल्ली के युवा तेज गेंदबाज परविंदर अवाना और सौराष्ट्र के आलराउंडर रविंद्र जडेजा को चुना है। संदीप पाटिल की अगुआई वाले चयन पैनल की बैठक के बाद बीसीसीआई सचिव संजय जगदाले ने टीम की घोषणा की। चयनकर्ताओं ने साथ ही 20 दिसंबर को पुणे और 22 दिसंबर को मुंबई में होने वाले टी20 मैचों के लिए टीम की घोषणा भी की। इस टीम में अवाना और उत्तर प्रदेश के भुवनेश्वर कुमार दो नए चेहरे हैं। वीरेंद्र सहवाग और जहीर खान को टीम में जगह नहीं मिली है और बोर्ड ने कहा कि ये श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।