भाजपा में मंथन, मोदी की जयकार 
भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में चल रहे राष्ट्रीय अधिवेशन में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी दूसरे दिन भी छाए रहे। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आज फिर मोदी की तारीफों के पुल बांधे और उन्हें सर्वाधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्री करार दिया। राजनाथ ने गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार तथा पंजाब में भाजपा विधायक दल के नेता चुन्नी लाल भगत का भी जिक्र किया। भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की तीन दिवसीय बैठक के दूसरे दिन शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसे तो भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अच्छा काम किया है और व अपने-अपने राज्यों में लोकप्रिय हैं। लेकिन इन सबमें नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुजरात के विकास मॉडल की प्रशंसा हो रही है। पूरी दुनिया आज मोदी के विकास कार्य की कायल है।