नाइजीरियाई में चर्चों पर हमले, 25 की मौत

उत्तरी नाइजीरिया में रविवार को आत्मघाती हमलावरों ने चार चर्चों को निशाना बनाया। इन हमलों में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई जबकि 80 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

अबूजा : उत्तरी नाइजीरिया में रविवार को आत्मघाती हमलावरों ने चार चर्चों को निशाना बनाया। इन हमलों में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई जबकि 80 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
कदूना शहर में एक कैथोलिक चर्च को निशाना बनाकर किए गए हमले में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 29 लोग घायल हो गए। इन हमलों के विरोध में ईसाई युवकों ने स्थानीय मुस्लिमों को निशाना बनाने का प्रयास किया।
हिंसा की खबरों के बाद सरकार ने क्षेत्र में 24 घंटे का कफ्र्यू लगा दिया है।
कदूना में दो चर्चों को निशाना बनाया गया। नजदीकी शहर जरिया में भी एक चर्च पर हमला किया गया। रेड क्रास के अनुसार, जरिया के चर्च में हुए विस्फोट में हताहत होने वाले अधिकतर बच्चे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि शुरुआती आकलन के अनुसार कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पहली घटना में एक होंडा एकार्ड एसयूवी वाहन के जरिए हमलावर ने चर्च के सभागार को निशाना बनाने का प्रयास किया। लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक दिया और उसका बम गेट पर ही फट गया। इस घटना में हमलावर सहित कई लोगों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक अन्य चर्च को भी हमलावर ने निशाना बनाया। इस घटना में भी कई लोग हताहत हुए हैं।
अब तक किसी गुट ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.